मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने 592 करोड़ की 64 योजनाओं का किया उद्घाटन-शिलान्यास
समृद्धि यात्रा के दौरान जीविका समूहों को 133 करोड़ से अधिक की आर्थिक सहायता, सड़क, पुल, सिंचाई और शिक्षा से जुड़े कई अहम प्रोजेक्ट शामिल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बुधवार को समृद्धि यात्रा के क्रम में बक्सर जिले को विकास की बड़ी सौगात दी। आईटीआई मैदान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान उन्होंने कुल 592 करोड़ रुपये की लागत से 64 विकासात्मक योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया।
इन योजनाओं में 486 करोड़ रुपये की 23 योजनाओं का शिलान्यास तथा 106 करोड़ रुपये की 41 योजनाओं का उद्घाटन शामिल है। मुख्यमंत्री ने रिमोट के माध्यम से शिलापट्ट का अनावरण कर इन योजनाओं की औपचारिक शुरुआत की।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉल का अवलोकन किया और योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इस अवसर पर उन्होंने बड़ी संख्या में लाभुकों को विभिन्न योजनाओं के तहत सहायता भी प्रदान की। मुख्यमंत्री ने 7,441 स्वयं सहायता समूहों को 33.17 करोड़ रुपये की सामुदायिक निवेश निधि तथा 7,859 जीविका समूहों को 100 करोड़ रुपये का बैंक ऋण का सांकेतिक चेक प्रदान किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री उद्यमी योजना, डेयरी, मत्स्य एवं पशु संसाधन विभाग की योजनाओं, आयुष्मान कार्ड, बिहार स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड एवं कुशल युवा कार्यक्रम के प्रमाण पत्र भी वितरित किए गए।
मुख्यमंत्री के आगमन पर जीविका दीदियों ने स्वागत गान प्रस्तुत कर उनका अभिनंदन किया। इस दौरान उन्होंने जीविका समूहों की सराहना करते हुए कहा कि राज्य के विकास में उनकी भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है और सरकार उनके साथ हर कदम पर खड़ी है। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की समीक्षा की, जिनमें :-
* गंगा तटबंध सुदृढ़ीकरण
* भोजपुर-सिमरी पथ चौड़ीकरण
* बक्सर शहर में 4-लेन सड़क निर्माण
* धनसोई बाईपास
* आईटीआई मैदान में स्टेडियम निर्माण
* अटल कला भवन
* प्रखंड-सह-अंचल कार्यालय भवन
* जनेश्वर मिश्र पुल के पहुंच पथ
* उस्ताद बिस्मिल्लाह खां संगीत कॉलेज की स्थापना जैसी योजनाएं शामिल हैं।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर पूरा किया जाए, ताकि लोगों को शीघ्र लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं के पूरा होने से बक्सर जिले के विकास को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आईटीआई मैदान में पौधारोपण भी किया। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, मंत्री विजय कुमार चौधरी, मंत्री मो. जमा खान, विधायक संतोष निराला, आनंद मिश्रा, राहुल कुमार सिंह, पूर्व विधान पार्षद हुलास पांडेय, बक्सर नप अध्यक्षा कमरुन निशा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी एवं जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।





