OTHERS

चौसा नपं ईओ ने गंगा तट स्थित विभिन्न छठ घाटों का किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव, थानाध्यक्ष समेत सभी कर्मी रहे मौजूद, समय सीमा के अंदर कार्य पूर्ण करने का दिया निर्देश 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा को लेकर आज चौसा नगर पंचायत अंतर्गत विभिन्न छठ घाटों का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण दल में मुख्य कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी, थाना अध्यक्ष बक्सर मुफ्फसिल शंभु भगत, तथा मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव संयुक्त रूप से उपस्थित रहे। तीनों पदाधिकारियों ने चौसा बाजार घाट, मल्लाह टोली घाट, पांडे घाट सहित अन्य प्रमुख घाटों का दौरा किया और तैयारियों की समीक्षा की।

 

निरीक्षण के क्रम में कार्यपालक पदाधिकारी रानी कुमारी ने कहा कि छठ व्रतियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए नगर पंचायत द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। घाटों की सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, मिट्टी समतलीकरण, पेयजल आपूर्ति तथा जल निकासी व्यवस्था पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने संबंधित कर्मियों को सभी कार्य निर्धारित समय सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया। मुख्य पार्षद प्रतिनिधि डॉ. मनोज कुमार यादव ने कहा कि चौसा नगर पंचायत छठ महापर्व के सफल आयोजन के लिए पूर्ण रूप से कटिबद्ध है। उन्होंने बताया कि श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए अस्थायी शौचालय, पेयजल व्यवस्था, स्वच्छता कर्मियों की तैनाती एवं चिकित्सा व्यवस्था भी सुनिश्चित की जा रही है। नगर पंचायत प्रशासन यह प्रयास कर रहा है कि श्रद्धालु और व्रती पूर्ण श्रद्धा एवं सहज वातावरण में पूजा-अर्चना कर सकें।

 

वहीं थाना अध्यक्ष श्री शंभु भगत ने कहा कि छठ पर्व के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती की जाएगी। उन्होंने बताया कि घाटों के आसपास सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है तथा यातायात को नियंत्रित रखने के लिए विशेष पुलिस टीमों की तैनाती की जाएगी। इस अवसर पर नगर पंचायत के विभिन्न कर्मी, जनप्रतिनिधि तथा स्थानीय गणमान्य व्यक्ति भी उपस्थित रहे। सभी ने मिलकर छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सफल बनाने की प्रतिबद्धता जताई।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button