कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंड्री स्कूल बक्सर के छात्रों का शैक्षणिक परिभ्रमण दल गयाजी के लिए रवाना
चार दिनों में कई ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण


न्यूज़ विज़न। बक्सर
कैम्ब्रिज सीनियर सेकेंड्री स्कूल बक्सर के वर्ग नवम् के 50 छात्र-छात्राओं का दल शुक्रवार को चार दिवसीय शैक्षणिक परिभ्रमण पर गयाजी के लिए रवाना हुआ। इस परिभ्रमण का उद्देश्य विद्यार्थियों को बिहार की ऐतिहासिक, सांस्कृतिक एवं पुरातात्विक विरासत से प्रत्यक्ष रूप से परिचित कराना है।
परिभ्रमण के दौरान छात्र-छात्राएँ गयाजी, बोधगया, राजगीर और नालंदा के प्रमुख दर्शनीय एवं ऐतिहासिक स्थलों का भ्रमण करेंगे। गयाजी के प्रसिद्ध विष्णुपद मंदिर, बोधगया स्थित महाबोधि मंदिर, विभिन्न बुद्ध मंदिर, बोधिवृक्ष, राजगीर का रोपवे, ग्लास ब्रिज, बौद्ध स्तूप, वीरायतन, संग्रहालय तथा नालंदा विश्वविद्यालय के प्राचीन भग्नावशेष इस यात्रा के प्रमुख आकर्षण होंगे। इस यात्रा के माध्यम से छात्रों को उन स्थानों को देखने और समझने का अवसर मिलेगा, जिनके बारे में वे अब तक केवल पुस्तकों में पढ़ते आए थे।
विद्यालय में हरी झंडी दिखाकर किया गया रवाना
रवाना होने से पूर्व विद्यालय प्रांगण में एक छोटा सा समारोह आयोजित किया गया। इसमें विद्यालय के निदेशक डॉ. मोहन चौबे एवं एक्जीक्यूटिव प्राचार्य बी. एस. राव ने परिभ्रमण दल को संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर यात्रा के लिए रवाना किया। निदेशक डॉ. चौबे ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के ज्ञान-वर्धन के साथ-साथ उनके व्यक्तित्व विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि ऐतिहासिक स्थलों का प्रत्यक्ष अवलोकन छात्रों की समझ को और अधिक मजबूत करता है।
अनुभवी शिक्षकों के नेतृत्व में यात्रा
यह परिभ्रमण दल स्वयं एक्जीक्यूटिव प्राचार्य बी. एस. राव, शिक्षिका बी. शारदा, तथा शिक्षक शशिकांत ओझा, संतोष ओझा एवं ओमप्रकाश के नेतृत्व में यात्रा पर गया है। सभी शिक्षक छात्रों की सुरक्षा, मार्गदर्शन एवं शैक्षणिक गतिविधियों के संचालन पर विशेष ध्यान देंगे। चार दिवसीय इस शैक्षणिक यात्रा के पश्चात यह दल 8 दिसंबर को वापस बक्सर लौट आएगा। विद्यालय प्रशासन तथा अभिभावकों ने सभी छात्रों की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना की है।





