बक्सर की बेटी लवली कुमारी ने बढ़ाया जिले का मान, राष्ट्रीय स्तर पर विज्ञान प्रदर्शनी में हुआ चयन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के लिए यह गर्व और गौरव का क्षण है जब शहर के एमपी हाई स्कूल बक्सर की कक्षा 11वीं की छात्रा लवली कुमारी का चयन राष्ट्रीय स्तर की बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी के लिए हुआ है। इस उपलब्धि पर बुधवार को विद्यालय परिवार द्वारा लवली कुमारी को मेडल और पुष्प गुच्छ देकर सम्मानित किया गया।
गौरतलब है कि राज्य स्तरीय बाल वैज्ञानिक प्रदर्शनी 2025-26 का आयोजन 5 और 6 जनवरी 2026 को राज्य शिक्षा शोध एवं प्रशिक्षण परिषद, पटना में किया गया था। इस वर्ष प्रदर्शनी का मुख्य विषय “विकसित और आत्मनिर्भर भारत” रखा गया था। प्रदर्शनी में पूरे बिहार से आए छात्र-छात्राओं ने सुरक्षित भविष्य के लिए विज्ञान और प्रौद्योगिकी थीम के अंतर्गत कृषि, हरित ऊर्जा, अपशिष्ट प्रबंधन और स्वास्थ्य जैसे विषयों पर अपने नवाचारी मॉडल प्रस्तुत किए। इसी क्रम में एमपी हाई स्कूल बक्सर की छात्रा लवली कुमारी ने विज्ञान विषय के अंतर्गत “स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक” मॉडल प्रस्तुत कर निर्णायक मंडल को प्रभावित किया, जिसके बाद उनका चयन राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनी के लिए किया गया।
लवली कुमारी के पिता राकेश कुमार एवं माता रिंकी देवी हैं। विद्यालय के प्रधानाध्यापक अरविंद कुमार ने न केवल लवली कुमारी को सम्मानित किया, बल्कि उनके माता-पिता को भी बुके और पुष्प माला पहनाकर सम्मान दिया। साथ ही स्मार्ट ब्लाइंड स्टिक परियोजना में सहयोग करने वाले शिक्षक तमन्ना परवीन और अनूप कुमार को भी सम्मानित किया गया। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षकगण अनूप कुमार, तमन्ना परवीन, स्मिता कुमारी, अशोक कुमार, पुरुषोत्तम पांडे, प्रियंका चौबे, अनिता कुमारी, संजू बाला, मृदुल सिंह, रंजन श्रीवास्तव, अंजू, बबीता कुमारी, संगीता तिवारी, बैकुंठ कुमार, शैल कुमारी, रुबी कुमारी, नीता कुमारी, गीता कुमारी सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहीं। विद्यालय परिवार ने लवली कुमारी की इस उपलब्धि को बक्सर जिले के लिए गौरवपूर्ण क्षण बताते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
वीडियो देखें :





