OTHERS

बक्सर के सोनू कुमार ने बढ़ाया जिले का मान, राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन में हासिल किया दूसरा स्थान

आगामी 30 अक्टूबर 2025 को नागालैंड के दीमापुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय रेड रन मैराथन में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे सोनू 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
वीर कुंवर सिंह विश्वविद्यालय के अंतर्गत डी.के. कॉलेज, डुमरांव के मेधावी छात्र सोनू कुमार ने अपनी प्रतिभा और कठिन परिश्रम के दम पर बक्सर जिले का नाम रोशन किया है। उन्होंने पटना में आयोजित राज्य स्तरीय रेड रन मैराथन प्रतियोगिता में द्वितीय स्थान प्राप्त कर जिले को गौरवान्वित किया।

 

यह प्रतियोगिता बिहार राज्य एड्स नियंत्रण समिति, पटना एवं बिहार सरकार के स्वास्थ्य विभाग के संयुक्त तत्वावधान में राजधानी के पाटलिपुत्र खेल परिसर में संपन्न हुई। प्रतियोगिता में बिहार के सभी 38 जिलों से विभिन्न विश्वविद्यालयों के कुल 228 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। प्रत्येक जिले से तीन-तीन लड़के एवं तीन-तीन लड़कियों का चयन किया गया था। इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में एचआईवी/एड्स एवं अन्य स्वास्थ्य विषयों पर जनजागरूकता फैलाना था। साथ ही प्रतियोगिता के माध्यम से युवाओं में खेलकूद की भावना और शारीरिक फिटनेस को बढ़ावा देने का संदेश दिया गया।

 

विजेताओं के लिए राज्य सरकार की ओर से नगद पुरस्कार राशि निर्धारित की गई थी। प्रथम स्थान के लिए ₹10,000, द्वितीय स्थान हेतु ₹7,500 तथा तृतीय स्थान हेतु ₹5,000 प्रदान किए गए। कार्यक्रम स्थल पर ही विजेताओं को नगद पुरस्कार का चेक सौंपा गया। राज्य स्तर पर दूसरा स्थान हासिल करने वाले सोनू कुमार अब आगामी 30 अक्टूबर 2025 को नागालैंड के दीमापुर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय रेड रन मैराथन में बिहार का प्रतिनिधित्व करेंगे। इस प्रतियोगिता में प्रत्येक राज्य के प्रथम और द्वितीय स्थान प्राप्त प्रतिभागी हिस्सा लेंगे। राष्ट्रीय स्तर की इस दौड़ की दूरी 10 किलोमीटर तय की गई है।

बक्सर जिला रेड रिबन क्लब के नोडल प्राधिकारी डॉ. रासबिहारी शर्मा ने अपनी टीम का नेतृत्व करते हुए छात्रों को प्रतियोगिता में शामिल होने हेतु प्रेरित किया। उन्होंने सोनू की उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि आज युवाओं को जागरूक होना बेहद जरूरी है। इस तरह के कार्यक्रम न केवल एचआईवी/एड्स संक्रमण के प्रति जानकारी बढ़ाते हैं बल्कि शारीरिक स्वास्थ्य को संतुलित बनाए रखने में भी सहायक सिद्ध होते हैं। सोनू की सफलता पर डी.के. कॉलेज, डुमरांव एवं एम.भी. कॉलेज, बक्सर के प्राचार्यों ने उन्हें हार्दिक शुभकामनाएं दीं और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

सम्मान व अन्य कार्यक्रम

प्रतियोगिता के दौरान प्रोजेक्ट डायरेक्टर आईएएस अधिकारी वैभव चौधरी ने सभी जिलों के नोडल पदाधिकारियों को सम्मानित किया। गौरतलब है कि समिति समय-समय पर पियर एजुकेटर ट्रेनिंग, क्विज प्रतियोगिता एवं रेड रन मैराथन जैसे विभिन्न कार्यक्रम आयोजित करती रहती है, ताकि युवाओं में जागरूकता और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना जागृत हो।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button