बक्सर जिला स्थापना दिवस पर रोटरी क्लब का सराहनीय पहल, 300 छात्रों को दी गई CPR ट्रेनिंग
आचार्य नरेंद्र देव स्कूल में PPH कैंप के तहत जीवन रक्षक प्रशिक्षण, केक काटकर मनाया गया स्थापना दिवस


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिला स्थापना दिवस के अवसर पर रोटरी बक्सर द्वारा एक सराहनीय सामाजिक पहल करते हुए शहर के आचार्य नरेंद्र देव स्कूल में पीपीएच (PPH) कैंप का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 300 छात्र-छात्राओं को जीवन रक्षक तकनीक सीपीआर (CPR) की विशेष ट्रेनिंग दी गई। कार्यक्रम के माध्यम से बच्चों को आपातकालीन स्थिति में किसी की जान बचाने के महत्वपूर्ण तरीके सिखाए गए।
इस अवसर पर रोटरी बक्सर के सदस्यों ने छात्रों के साथ मिलकर जिला स्थापना दिवस को उत्साहपूर्वक मनाया। कार्यक्रम में केक काटकर स्थापना दिवस का जश्न मनाया गया, जिससे माहौल और भी उत्सवमय हो गया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉक्टर दिलशाद आलम की उपस्थिति रही, जिन्होंने छात्रों को न केवल सीपीआर का प्रशिक्षण दिया बल्कि राष्ट्रगान के बाद राष्ट्रीय गीत प्रस्तुत कर सभी को भावुक कर दिया। उनके इस प्रस्तुति ने पूरे वातावरण को देशभक्ति से सराबोर कर दिया।
इस मौके पर स्कूल की प्राचार्य अंजू देवी सहित शिक्षक-शिक्षिकाओं में रंजीत कुमार, उमेश प्रसाद ठाकुर, अमित यादव, रानी देवी सहित अन्य शिक्षक मौजूद रहे। वहीं रोट्रैक्ट क्लब से राहुल, मनीष एवं साबित खिदमत अस्पताल से ट्रेनी प्रमोद कुमार की भी सक्रिय भागीदारी रही। ज्ञात हो कि रोटरी बक्सर एवं साबित खिदमत अस्पताल द्वारा जिले के विभिन्न स्कूलों में लगातार सीपीआर कैंप आयोजित किए जा रहे हैं, जिससे विद्यार्थियों को आपातकालीन चिकित्सा की बुनियादी जानकारी मिल सके। इसी कड़ी में आयोजित यह कैंप सफल रहा और स्थापना दिवस को भी यादगार बनाया गया।





