बक्सर व्यवहार न्यायालय में चार न्यायाधीशों को भावभीनी विदाई, अधिवक्ता संघ ने सम्मानित कर दी शुभकामनाएं
माला, शॉल और स्मृति-चिह्न देकर किया गया सम्मान — न्यायाधीशों ने कहा, “बक्सर में बिताया समय रहेगा अविस्मरणीय”


बक्सर | न्यूज़ विजन
बक्सर व्यवहार न्यायालय परिसर में जिला अधिवक्ता संघ द्वारा एक सादे लेकिन गरिमामय समारोह का आयोजन कर चार न्यायिक पदाधिकारियों को भावभीनी विदाई दी गई। इस अवसर पर न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी गौरव कुमार सिंह, मानवेन्द्र सिंह, अनुमंडल न्यायिक दंडाधिकारी रंजना दुबे तथा मुंसिफ नेहा त्रिपाठी को माला, शॉल, मिठाई, कलम एवं भगवान वामन का चित्र भेंट कर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का नेतृत्व अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष बबन ओझा एवं महासचिव विनंदेश्वरी प्रसाद पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय ने किया। समारोह में बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे और सभी ने मिलकर न्यायाधीशों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। इस दौरान विदाई समारोह का माहौल भावुक हो गया, जब न्यायाधीशों ने अधिवक्ताओं के स्नेह और सहयोग को याद करते हुए अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा कि बक्सर में बिताया गया कार्यकाल उनके जीवन का एक महत्वपूर्ण और यादगार अध्याय रहेगा, जिसे वे ताउम्र नहीं भूल पाएंगे।
समारोह में अधिवक्ता विनोद मिश्रा, कृपाशंकर राय, उमेश सिंह, संजय पाण्डेय, दयासागर पाण्डेय, रामाकांत तिवारी, पवन कुमार राय, सत्येंद्र कुमार, राघव कुमार पाण्डेय, जीतेन्द्र कुमार, शैलेश उपाध्याय, डॉ. जीतेन्द्र कुमार सिंह, सुनील कुमार मिश्रा सहित अनेक अधिवक्ता मौजूद रहे। विदाई कार्यक्रम ने न केवल न्यायपालिका और अधिवक्ताओं के बीच आपसी सम्मान और सहयोग को दर्शाया, बल्कि यह भी साबित किया कि बक्सर व्यवहार न्यायालय एक परिवार की तरह कार्य करता है, जहां भावनाओं और संबंधों की गहराई भी उतनी ही महत्वपूर्ण है जितनी कि न्याय की प्रक्रिया।





