बक्सर व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी, कोर्ट परिसर में मचा हड़कंप
आधिकारिक ईमेल पर मिला धमकी भरा संदेश, न्यायिक कार्य रोके गए; बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड ने की सघन जांच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार के बक्सर स्थित व्यवहार न्यायालय को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद शुक्रवार दोपहर पूरे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। व्यवहार न्यायालय के आधिकारिक ईमेल पर धमकी भरा संदेश प्राप्त होते ही न्यायिक कार्य तत्काल प्रभाव से रोक दिए गए और सुरक्षा कारणों से पूरे परिसर को खाली करा लिया गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जैसे ही धमकी की सूचना फैली, वकील, कर्मचारी, मुवक्किल और आम लोग जल्दबाजी में कोर्ट परिसर से बाहर निकलते देखे गए। सुरक्षा एजेंसियों ने स्थिति को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी।
पटना उच्च न्यायालय के ईमेल में 14 न्यायालयों को उड़ाने की धमकी
मामले की जानकारी देते हुए बक्सर के एसडीपीओ गौरव पांडेय ने बताया कि पटना उच्च न्यायालय के ईमेल पर एक संदेश प्राप्त हुआ था, जिसमें शुक्रवार दोपहर बिहार के 14 व्यवहार न्यायालयों को बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। सूचना मिलते ही जिला जज ने तत्काल एसपी को अवगत कराया और बार संघ को भी इसकी जानकारी दी गई। इसके बाद सुरक्षा एजेंसियां हरकत में आ गईं और कोर्ट परिसर की घेराबंदी कर दी गई।
बार संघ ने की ‘नो वर्क’ की घोषणा
घटना के बाद बार संघ के महासचिव बिंदेश्वरी पांडेय उर्फ पप्पू पांडेय ने एहतियातन ‘नो वर्क’ की घोषणा कर दी। सभी अधिवक्ताओं से सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए न्यायिक कार्य से विरत रहने का अनुरोध किया गया।
पुलिस और प्रशासन की त्वरित कार्रवाई
नगर थाना पुलिस और एसडीपीओ गौरव पांडेय मौके पर पहुंचे। उन्होंने माइक के माध्यम से बार-बार घोषणा कर सभी लोगों से कोर्ट परिसर खाली करने की अपील की। एसपी शुभम आर्य ने बताया कि ईमेल के जरिए बक्सर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिली है। सूचना मिलते ही बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वॉड को बुला लिया गया और पूरे परिसर में सघन तलाशी अभियान चलाया गया।
सघन तलाशी और साइबर जांच शुरू
पुलिस ने कोर्ट के कमरों, गलियारों और आसपास के क्षेत्रों की बारीकी से जांच की। किसी भी संदिग्ध वस्तु या खतरे को समय रहते निष्क्रिय करने के लिए विशेष सतर्कता बरती गई। साथ ही साइबर पुलिस टीम को भी सक्रिय कर दिया गया है। तकनीकी जांच के माध्यम से यह पता लगाया जा रहा है कि धमकी भरा ईमेल कहां से भेजा गया और इसके पीछे कौन लोग शामिल हैं। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
शहर में बढ़ाई गई सुरक्षा व्यवस्था
वही एसपी शुभम आर्य ने बताया कि ईमेल के जरिये बक्सर कोर्ट में बम से उड़ाने की धमकी मिली है जिसके बाद बम निरोधक दस्ते और डॉग स्कवायड की टीम कॉम बुला लिया गया है और जाँच की जा रही है। एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। घटना के बाद पूरे शहर में भी सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। प्रशासन ने लोगों से शांति बनाए रखने और किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। फिलहाल जांच जारी है और सुरक्षा एजेंसियां हर पहलू को ध्यान में रखते हुए मामले की गहन पड़ताल कर रही हैं।





