बक्सर प्रखंड के उमरपुर पंचायत में वर्षों से खराब चापाकल, भीषण गर्मी में पानी को तरस रहे ग्रामीण
मुख्य मार्ग किनारे स्थित चापाकल बंद, राहगीर और स्थानीय लोग परेशान; ‘जल-जीवन-हरियाली’ योजना पर उठे सवाल


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर जिले के सदर प्रखंड अंतर्गत उमरपुर पंचायत के बड़कागांव मानसिंह पट्टी में स्थित एकमात्र चापाकल पिछले कई वर्षों से खराब पड़ा हुआ है, जिससे स्थानीय ग्रामीणों के साथ-साथ राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। भीषण गर्मी के इस दौर में पानी की किल्लत ने स्थिति को और गंभीर बना दिया है।
यह चापाकल मुख्य मार्ग के बिल्कुल किनारे स्थित है, जो बक्सर से सिमरी जाने वाली सड़क से जुड़ा हुआ है। साथ ही कोईलवर तटबंध की सड़क भी इसी मार्ग से मिलती है, जिससे इस रास्ते पर लोगों की आवाजाही लगातार बनी रहती है। पास में ही स्थित शनिचरा बाबा का मंदिर धार्मिक दृष्टिकोण से भी महत्वपूर्ण है, जहां नियमित रूप से श्रद्धालुओं का आना-जाना लगा रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि इस स्थल पर अंतिम संस्कार, मुंडन जैसे सामाजिक और धार्मिक कार्यक्रम भी होते हैं, जिससे पानी की आवश्यकता और अधिक बढ़ जाती है। ऐसे में चापाकल का खराब रहना लोगों के लिए बड़ी समस्या बन गया है।
स्थानीय लोगों ने कई बार संबंधित अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों से शिकायत की, लेकिन अब तक कोई ठोस पहल नहीं की गई है। ग्रामीणों का आरोप है कि सरकार द्वारा चलाई जा रही ‘जल-जीवन-हरियाली’ जैसी योजनाएं कागजों तक ही सीमित हैं और धरातल पर इसका लाभ नहीं दिख रहा है। ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द चापाकल की मरम्मत या नया चापाकल लगवाने की मांग की है, ताकि लोगों को राहत मिल सके और इस भीषण गर्मी में पेयजल की समस्या से निजात मिल सके।





