ACCIDENT

बस–बाइक की आमने-सामने टक्कर, 16 वर्षीय किशोर की मौके पर मौत, दो युवक गंभीर

लेवाड़ गांव के पास दर्दनाक हादसा, उल्टी लेन में आ रही बस बनी मौत की वजह, यातायात नियमों की अनदेखी भी आई सामने

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप शनिवार दोपहर एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हो गया, जिसने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार बस और बाइक की आमने-सामने की टक्कर में बाइक सवार एक किशोर की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

मृतक की पहचान डुमरी गांव निवासी अनिल साह के 16 वर्षीय पुत्र छठू साह के रूप में की गई है। वहीं, इस हादसे में गंभीर रूप से घायल युवकों में ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के संतोष माली का 18 वर्षीय पुत्र लाला कुमार तथा गर्जन माली का 25 वर्षीय पुत्र छोटू कुमार शामिल हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर डुमरी गांव की ओर जा रहे थे, जो यातायात नियमों का स्पष्ट उल्लंघन है। जैसे ही उनकी बाइक लेवाड़ गांव के पास पहुंची, सामने से तेज गति में और उल्टी लेन में आ रही एक बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि छठू साह ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया, जबकि लाला कुमार और छोटू कुमार सड़क पर दूर जा गिरे और गंभीर रूप से घायल हो गए।

 

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर जुट गए और तत्काल पुलिस को जानकारी दी। सूचना पर कृष्णाब्रह्म थाना की पुलिस के साथ-साथ एनएचएआई की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने दोनों घायलों को तुरंत सदर अस्पताल भिजवाया, जहां उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल बस को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय तक सड़क पर यातायात बाधित रहा, जिसे पुलिस की तत्परता से सामान्य कराया गया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहन जांच में जुटी हुई है। दुर्घटना के वास्तविक कारणों, बस चालक की भूमिका और यातायात नियमों के उल्लंघन की बिंदुओं पर जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे के बाद क्षेत्र में शोक की लहर है और सड़क सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button