ब्रह्मपुर जी.बी.ओ. +2 उच्च विद्यालय बंसवर में सीएसआईआर फ्लोरीकल्चर मिशन के तहत नव निर्मित उद्यान का उद्घाटन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
जिले के ब्रह्मपुर प्रखंड अंतर्गत जी.बी.ओ. +2 उच्च विद्यालय बंशवर के प्रांगण में सीएसआईआर फ्लोरीकल्चर मिशन के अंतर्गत नवनिर्मित उद्यान का उद्घाटन विद्यालय के पूर्व प्रधानाध्यापक जगदीश चंद्र ओझा द्वारा किया गया। यह उद्यान सीएसआईआर के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. विक्रमा सिंह एवं राम निहोर पटेल के कुशल मार्गदर्शन और देखरेख में विकसित किया गया है।
उद्यान निर्माण का मुख्य उद्देश्य छात्र-छात्राओं के बीच वृक्षारोपण एवं पौध संरक्षण के प्रति संवेदनशीलता विकसित करना तथा उन्हें प्रकृति के साथ भावनात्मक रूप से जोड़ना है, जिससे पर्यावरण संरक्षण की भावना उनके जीवन का अभिन्न अंग बन सके। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पर्यावरण संरक्षण गतिविधि, दक्षिण बिहार के जनसंवाद प्रमुख शैलेश कुमार ओझा ने अपने संबोधन में वर्तमान समय में पर्यावरण संरक्षण की महती आवश्यकता को रेखांकित करते हुए कहा कि जलवायु परिवर्तन और बढ़ते प्रदूषण के इस दौर में पौधों का संरक्षण मानव जीवन के अस्तित्व से जुड़ा हुआ है। उन्होंने कहा कि पेड़-पौधे केवल धरती का श्रृंगार ही नहीं, बल्कि हमारी आवश्यकता और सामूहिक जिम्मेदारी भी हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से पर्यावरण संरक्षण को जीवन शैली का हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
उद्घाटनकर्ता जगदीश चंद्र ओझा ने विद्यालय के ऐतिहासिक विकास क्रम को स्मरण करते हुए कहा कि शैक्षणिक संस्थानों में ऐसे उद्यान न केवल पर्यावरणीय संतुलन बनाए रखने में सहायक होते हैं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। प्रधान वैज्ञानिक डॉ. विक्रमा सिंह ने सीएसआईआर फ्लोरीकल्चर मिशन की विस्तृत जानकारी देते हुए इसके उद्देश्य, उपयोगिता एवं भविष्य की संभावनाओं पर प्रकाश डाला। साथ ही उन्होंने विद्यालय परिसर में औषधीय उद्यान विकसित करने हेतु अपनी प्रतिबद्धता भी व्यक्त की। विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक प्रत्युष चंद्र ओझा एवं शिक्षाविद् चतुर्भुज प्रसाद ने भी अपने विचार रखते हुए प्रकृति संरक्षण को समाज का सामूहिक दायित्व बताया।
इस अवसर पर ग्राम पंचायत के सरपंच काशी यादव, विद्यालय के शिक्षकगण अखिलेश कुमार, जितेंद्र कुमार, पंकज कुमार उपाध्याय, पंकज कुमार, गीता कुमारी, उत्कर्ष संतोष कुमार, सपना गुप्ता, अमृता कुमारी, रीचा सिंह, अभिषेक सिंह, हेमंत शुक्ला, राजू कुमार सहित सैकड़ों छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।





