राजपुर के रसेन में खूनी शाम, ताबड़तोड़ फायरिंग में एक की मौत एक घायल
रिश्तेदारी में आये थे मृतक रमाकांत पाठक, घटना के बाद गांव में दहशत


न्यूज़ विज़न। बक्सर
राजपुर थाना क्षेत्र के रसेन गांव में सोमवार की संध्या करीब 7 बजे उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कौड़ी पीपल के समीप हथियार से लैश अज्ञात अपराधियों ने अचानक ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इस खौफनाक हमले में 60 वर्षीय एक व्यक्ति की घटनास्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान धनसोई थाना क्षेत्र के मोहनपुर गांव निवासी रमाकांत पाठक के रूप में हुई है। वहीं गोली लगने से घायल व्यक्ति रसेन गांव निवासी विजय चौबे बताए जा रहे हैं, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रमाकांत पाठक अपने रिश्तेदार विजय चौबे के यहां आए हुए थे। सोमवार की देर शाम दोनों टहलने के लिए घर से निकले थे। टहलकर जब वे वापस लौट रहे थे, तभी कौड़ी पीपल के पास पहले से घात लगाए बैठे अपराधियों ने उन पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी। गोलियों की बौछार में रमाकांत पाठक मौके पर ही गिर पड़े और उन्होंने वहीं दम तोड़ दिया। अपने रिश्तेदार को लहूलुहान देख विजय चौबे शोर मचाने लगे। उनकी आवाज सुन अपराधियों ने उन पर भी गोली चला दी, जो उनके पैर में लगी। गोली चलने की आवाज से आसपास टहल रहे लोग चीखते-चिल्लाते घटनास्थल की ओर दौड़ पड़े। लोगों की हलचल देख अपराधी मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच में जुट गई। वारदात के बाद पूरे गांव में भय और दहशत का माहौल कायम है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस गांव में कैंप कर रही है। ग्रामीणों ने दबे जुबान से बताया कि मृतक रमाकांत पाठक का किसी के साथ पुराना विवाद चल रहा था, हालांकि इसकी जानकारी किसी को स्पष्ट रूप से नहीं है। आशंका जताई जा रही है कि उसी रंजिश में इस सनसनीखेज हत्या को अंजाम दिया गया है।
मौके पर पहुंचे डीएसपी गौरव पांडेय ने घटनास्थल का मुआयना किया और कई बिंदुओं पर गहन जांच शुरू कर दी है। फिलहाल समाचार लिखे जाने तक हत्या के पीछे का स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है, लेकिन पुलिस सभी पहलुओं से मामले की छानबीन में जुटी हुई है।





