मेन रोड पर खूनी वारदात: लाठी डंडा से मारकर 55 वर्षीय व्यक्ति की निर्मम हत्या, इलाके में दहशत
पुराने विवाद ने लिया हिंसक रूप, सब्जी विक्रेता पर आरोप; पुलिस जांच में जुटी, परिजनों में आक्रोश


न्यूज़ विजन | बक्सर
नगर थाना क्षेत्र के मेन रोड स्थित तुरहा टोली में मंगलवार की रात करीब 9:30 बजे एक दिल दहला देने वाली वारदात ने पूरे इलाके को दहला दिया। पूर्व के विवाद को लेकर 55 वर्षीय व्यक्ति की लाठी डंडा से मारकर हत्या कर दी गई। घटना के बाद पूरे मोहल्ले में सनसनी और दहशत का माहौल व्याप्त हो गया।
मृतक की पहचान संतोष सेठ (55), पिता रामलाल सेठ, निवासी सिविल लाइन्स, तुरहा टोली के रूप में हुई है। परिजनों के अनुसार संतोष सेठ का मोहल्ले के ही एक सब्जी विक्रेता से लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि मंगलवार की रात यह पुराना विवाद अचानक उग्र हो गया और सब्जी विक्रेता ने लाठी danda से ताबड़तोड़ हमला कर संतोष सेठ को गंभीर रूप से घायल कर दिया। घटना के बाद आसपास के लोगों ने लहूलुहान अवस्था में उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू कर दी। हालांकि पुलिस के देर से पहुंचने को लेकर परिजनों में भारी आक्रोश देखा गया। परिजन आरोपित की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की छानबीन में जुटी है। इलाके में तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए पुलिस बल की तैनाती की गई है। हालांकि समाचार लिखे जाने तक पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया था। इस निर्मम हत्या के बाद स्थानीय लोगों में भय और आक्रोश का माहौल है। सभी की नजरें अब पुलिस की कार्रवाई पर टिकी हैं।





