बिंदु यादव बनी प्रदेश कार्यकारी अध्यक्षा और पूनम चौधरी बनी नगर अध्यक्षा
महिला अधिकार इकाई (माई) की सांगठनिक बैठक सम्पन्न




न्यूज़ विज़न। बक्सर
महिला अधिकार इकाई (माई) की एक महत्वपूर्ण सांगठनिक बैठक शुक्रवार को शहर के हनुमान फाटक स्थित डॉ हिंगमणि पूर्व प्रधानाचार्य भूमिहारी ब्राह्मण महाविद्यालय के आवास पर सम्पन्न हुई। बैठक में लगभग 45 महिलाओं ने भाग लिया।






यह बैठक राष्ट्रीय संयोजिका सह कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्षा प्रियंका शर्मा के नेतृत्व में आयोजित हुई। जिसकी अध्यक्षता सलाहकार समिति की राष्ट्रीय अध्यक्षा डॉ. हिंगमणि जी ने की। संचालन का दायित्व बक्सर जिला अध्यक्षा मीरा सिंह ने निभाया। बैठक में सांगठनिक ढांचे को सुदृढ़ करने के लिए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। बिंदु यादव को बिहार प्रदेश का कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किया गया, वहीं पूनम चौधरी को बक्सर नगर की नगर अध्यक्षा बनाया गया। इसके अतिरिक्त बक्सर जिले के 5 प्रखंडों में प्रखंड अध्यक्ष और कई पंचायतों में पंचायत अध्यक्षों की नियुक्ति भी की गई।


बैठक में महिलाओं की भागीदारी को बढ़ाने, सदस्यता अभियान को तेज करने, तथा महिलाओं के सशक्तिकरण और नेतृत्व विकास पर गहन विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, महिलाओं की सामाजिक, आर्थिक एवं व्यक्तिगत समस्याओं के समाधान हेतु माई की प्रतिबद्धता को दोहराया गया।

