बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिलेगा जिसका रिमोट कंट्रोल गुजरात में होगा: प्रशांत किशोर
जन सुराज के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने पार्टी के वरीय नेताओं और संगठन के कार्यकर्ताओं के साथ की बैठक


न्यूज विजन। बक्सर
जन सुराज पार्टी के सूत्रधार प्रशांत किशोर ने कहा कि चुनाव परिणाम के बाद जन सुराज के नेताओं ने पश्चिम चंपारण स्थित गांधी भितिहरवा आश्रम में एक दिन का उपवास रखा था। उस समय जन सुराज की ओर से यह घोषणा की गई थी कि बिहार में जो नई सरकार बनी है, उसे अपने वादों को पूरा करने के लिए छह महीने का समय दिया जाएगा। इसके बाद बिहार नवनिर्माण अभियान के तहत जन सुराज के कार्यकर्ता घर-घर जाकर जनता के बीच अपनी बात रखेंगे।
उन्होंने कहा कि बिहार नवनिर्माण अभियान को अगले पांच वर्षों तक प्रभावी ढंग से चलाने के लिए वे हर जिले में जाकर संगठन को पुनर्गठित करने का काम कर रहे हैं। प्रशांत किशोर रविवार को नया बाजार स्थित एक निजी हॉल में आयोजित बैठक में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और संगठन के कार्यकर्ताओं को संबोधित कर रहे थे।
इस दौरान प्रशांत किशोर ने नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने के मुद्दे पर सरकार को घेरते हुए कहा कि हम तो शुरू से कह रहे हैं कि ये मैंडेट सरकार को मिला ही नहीं है। ये मैन्युफैक्चर्ड मैंडेट है, जो भाजपा के लोगों ने 10000₹ देकर खरीदा है। अब जब मैंडेट मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नाम पर है ही नहीं तो उनको जाना ही हैं। वहीं नये मुख्यमंत्री के सवाल पर प्रशांत किशोर ने कहा कि बिहार को ऐसा मुख्यमंत्री मिलेगा जिसका रिमोट कंट्रोल गुजरात में होगा, सरकार के फैसले यहां होंगे लेकिन लाभ गुजरात के लोगों को पहुंचाने के लिए फैसले लिए जाएंगे।
आगे की रणनीति पर प्रशांत किशोर ने बात करते हुए कहा कि जनता ने हमें सड़क पर रहने के लिए चुना है। हम सड़क की राजनीति करेंगे और इतना विश्वास दिलाते हैं कि आपके साथ और आपके बच्चों के साथ जब कभी अन्याय होगा और सरकार के तरफ से नाइंसाफी होगी तो पूरी मजबूती के साथ आपके लिए आवाज उठाएंगे। मौके पर तथागत हर्षवर्धन, दिवाकर पाठक, बजरंगी मिश्रा, मनोज उपाध्याय, पूर्व विधायक श्रीकांत पाठक, धनजी पांडेय, प्रमोद राय, मनोज कुमार, आनंद मिश्रा, मणि शंकर पांडेय, धनंजय पासवान, डॉ जीतेन्द्र, कनक लता सिंह, सुभाष राम सहित अन्य मौजूद थे।





