बिहार सेंट्रल स्कूल में भावनात्मक विदाई समारोह, नम आंखों से कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को दी गई शुभकामनाएं
निदेशक ई. आर. बी. सिंह और सचिव सरोज सिंह ने छात्रों को मेहनत, ईमानदारी और नैतिक मूल्यों के साथ आगे बढ़ने का दिया संदेश


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शुक्रवार को शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल परिसर में कक्षा दसवीं के छात्र-छात्राओं के लिए एक भव्य एवं भावनात्मक विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, आत्मीयता और भावनाओं से सराबोर रहा, जहां शिक्षक, छात्र और अभिभावक सभी इस यादगार पल के साक्षी बने।
समारोह को संबोधित करते हुए विद्यालय के निदेशक ई. आर. बी. सिंह ने सभी विद्यार्थियों को उनके उज्जवल एवं मंगलमय भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि यह विदाई केवल विद्यालय से है, शिक्षा और सीखने की यात्रा जीवन भर चलती रहती है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि हर छात्र का अपना लक्ष्य और महत्वाकांक्षा होती है, जिसे पूरे मनोयोग, अनुशासन और समर्पण के साथ हासिल किया जाना चाहिए। जीवन में चाहे जिस भी क्षेत्र में जाएं, मेहनत और ईमानदारी को अपना मूल मंत्र बनाएं, यही सफलता की सच्ची कुंजी है।
वहीं विद्यालय की सचिव सरोज सिंह ने विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि शिक्षा के साथ-साथ नैतिक मूल्यों को जीवन में आत्मसात करना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सामाजिक संरचना का प्रथम सोपान होता है, जहां से एक सशक्त, सभ्य और शिक्षित समाज की नींव रखी जाती है। विद्यार्थियों को चाहिए कि वे जहां भी रहें, अपने विद्यालय और संस्कारों का गौरव बढ़ाएं। इस अवसर पर कक्षा नौवीं के छात्र-छात्राओं ने कक्षा दसवीं के विद्यार्थियों को उपहार भेंट कर उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के दौरान जब दसवीं के छात्र-छात्राओं ने विद्यालय में बिताए गए अपने यादगार पलों को साझा किया, तो माहौल भावुक हो उठा और कई आंखें नम हो गईं। समारोह का समापन सौहार्दपूर्ण वातावरण, मुस्कान, यादों और भविष्य की नई उम्मीदों के साथ किया गया। यह विदाई समारोह विद्यार्थियों के जीवन की एक अविस्मरणीय स्मृति बन गया।
वीडियो देखें :





