OTHERS

बिहार सेंट्रल स्कूल में बच्चों ने अबीर-गुलाल और पुष्पों के साथ खेली होली

विद्यार्थियों ने मिलकर मनाया रंगोत्सव, सचिव सरोज सिंह बोले-नई पीढ़ी में बंधुत्व और सकारात्मक सोच का विकास ही उद्देश्य

न्यूज विजन। बक्सर
शहर के बाईपास रोड स्थित बिहार सेंट्रल स्कूल में सोमवार को होली मिलन समारोह का आयोजन उत्साह और उल्लास के साथ किया गया। होली पर्व से पूर्व विद्यालय की छुट्टियों के दौरान प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले इस कार्यक्रम में सीनियर एवं जूनियर वर्ग के बच्चों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।

 

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर एवं पुष्प वर्षा कर होली की शुभकामनाएं दी । पूरे परिसर में रंग, उमंग और आपसी प्रेम का वातावरण देखने को मिला। बच्चों ने हर्षोल्लास के साथ एक-दूसरे के प्रति मंगलकामनाएं व्यक्त करते हुए भाईचारे और सौहार्द का परिचय दिया।

 

विद्यालय के सचिव सरोज सिंह ने कहा कि होली मिलन का आयोजन केवल रंग खेलने तक सीमित नहीं है, बल्कि इसका उद्देश्य नई पीढ़ी के भीतर आपसी समरसता, बंधुत्व और सामाजिक सौहार्द की भावना का विकास करना है। उन्होंने कहा कि हमारे सभी पर्व-त्योहार जीवन में सकारात्मक परिवर्तन और नैतिक मूल्यों को आत्मसात करने का अवसर प्रदान करते हैं। यदि विद्यार्थी इन संदेशों को अपने जीवन में उतारें, तो एक स्वस्थ और सुंदर समाज का निर्माण संभव है।

कक्षा 8 के छात्र शशि चंद्र ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि जिस प्रकार प्रकृति हर वर्ष नए स्वरूप में परिवर्तित होती है, उसी प्रकार हमें भी अपने विचारों को सकारात्मक और परिवर्तनशील बनाना चाहिए, ताकि हम श्रेष्ठ मानव जीवन जी सकें। वहीं कक्षा 8 की छात्रा राजलक्ष्मी ने कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं, बल्कि मानवीय भावनाओं के खुले और पवित्र प्रकटीकरण का अवसर है।
इस अवसर पर शिक्षक ललित ओझा, अर्चना श्रीवास्तव, मधु श्रीवास्तव, अभय, चांद, मोहम्मद अतीक, सुनील, वरुण, छाया, शैलेश, तसलीमा, जानवी, अरुणिमा, प्रिया, अनुराधा एवं अमित सहित अन्य उपस्थित रहे।

कार्यक्रम के समापन पर सरोज सिंह ने आगामी वार्षिक परीक्षा को ध्यान में रखते हुए विद्यार्थियों को नियमित अभ्यास एवं निष्ठापूर्वक अध्ययन करने की सलाह दी, ताकि सभी छात्र-छात्राएं बेहतर परीक्षा परिणाम प्राप्त कर विद्यालय का नाम रोशन कर सकें। होली मिलन समारोह ने बच्चों के बीच न केवल उत्सव का आनंद भर दिया, बल्कि सामाजिक एकता और सकारात्मक सोच का सशक्त संदेश  दिया।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button