बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में बिहार के आयुष्मान लाभार्थियों का इलाज रोके जाने पर सरकार की गंभीर विफलता — सुधाकर सिंह


न्यूज़ विज़न। बक्सर
लोकसभा सांसद सुधाकर सिंह ने बीएचयू ट्रॉमा सेंटर, वाराणसी में बिहार के आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी मरीजों का इलाज रोके जाने पर गहरी चिंता व्यक्त की है। उन्होंने इस संबंध में माननीय मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप और कार्रवाई की मांग की है।
सांसद ने कहा कि विश्वसनीय समाचारों के अनुसार बिहार सरकार पर बीएचयू ट्रॉमा सेंटर का लगभग 8 करोड़ रुपये का भुगतान लंबित है, जिसके कारण दवा कंपनियों ने आपूर्ति रोक दी है और इलाज बाधित हो गया है। यह स्थिति प्रशासनिक लापरवाही के साथ-साथ गरीबों के जीवन के प्रति घोर उदासीनता को दर्शाती है। उन्होंने बताया कि काशी हिन्दू विश्वविद्यालय के ट्रॉमा सेंटर में इलाज कराने वाले मरीजों में लगभग 40 प्रतिशत बिहार से आते हैं, जिनमें बड़ी संख्या उनके संसदीय क्षेत्र की है। यह अस्पताल बिहार के गरीब, दुर्घटना पीड़ित और गंभीर रोगियों के लिए जीवनरेखा है। भुगतान में देरी के कारण इलाज रुकना सीधे तौर पर गरीबों के जीवन के साथ खिलवाड़ है।
सुधाकर सिंह ने राज्य सरकार से तीखे सवाल उठाते हुए कहा कि—
• आयुष्मान योजना के तहत भुगतान समय पर क्यों नहीं किया गया?
• क्या सरकार को बकाया राशि की जानकारी नहीं थी या इसे नजरअंदाज किया गया?
• क्या बिहार के गरीब मरीज सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं?
• इस लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों की जवाबदेही कब तय होगी?
उन्होंने मांग की कि
1. बीएचयू ट्रॉमा सेंटर का लंबित भुगतान तत्काल जारी किया जाए,
2. जिम्मेदार अधिकारियों पर कड़ी कार्रवाई की जाए,
3. भविष्य में ऐसी स्थिति न बने इसके लिए समयबद्ध और पारदर्शी भुगतान तंत्र लागू किया जाए,
4. उत्तर प्रदेश सरकार एवं संबंधित संस्थानों से तत्काल समन्वय कर बिहार के मरीजों का इलाज तुरंत बहाल कराया जाए।
सांसद ने कहा कि यह विषय बिहार के गरीब परिवारों, बुजुर्गों और गंभीर रोगियों के जीवन-मरण से जुड़ा है। इस पर विलंब अस्वीकार्य है और सरकार को तत्काल ठोस कदम उठाने चाहिए।





