CRIME

जिले में अलग अलग जगहों पर एक युवक व एक युवती का शव बरामद, जांच में जुटी पुलिस 

पहली घटना कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव के समीप युवक का शव एवं ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत गायघाट के समीप युवती का शव मिला 

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के ब्रह्मपुर और कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक युवक और युवती का शव मिला। शव मिलने की सूचना पर पुरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही दोनों घटनास्थलों पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई। काफी प्रयास के बाद मृतक युवक की पहचान हो गई। वहीं युवती के पहचान को लेकर पुलिस प्रयास कर रही है।

 

घटना के सम्बन्ध में प्राप्त जानकारी के अनुसार पहली घटना एनएच 922 पर कृष्णाब्रह्म थाना क्षेत्र के लेवाड़ गांव समीप एनएच 922 से करीब 200 मीटर उत्तर झाड़ी में एक युवक का शव ग्रामीणों ने देखा। ग्रामीणों ने इसकी सूचना पुलिस को दी। युवक करीब 18-20 वर्ष के आस पास का है तथा वह सफेद हूडी व सफेद पैंट पहने था। उसके मुंह व नाक से खून तथा झाग निकला था। ऐसे में आशंका जताई जा रही है कि उसकी कही अन्यत्र हत्या कर साक्ष्य छिपाने के लिए शव को यहां लाकर फेक दिया गया होगा।  मृतक की पहचान स्थानीय थाना क्षेत्र के बड़का ढकाईच गांव निवासी स्व. रितेश दूबे के 20 वर्षीय पुत्र नारायण जी दूबे के रूप में हुई है। बताया जाता है कि उसके माता-पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी। मृतक अकेला था। ग्रामीण सूत्रों का कहना है कि वह सीधा था तथा किसी से उसका विवाद नहीं होता था।

 

ऐसे में सवाल उठता है कि वह गांव से लेवाड़ के समीप कैसे पहुंचा। बड़ा सवाल तो ये भी है कि उसकी मौत कैसे हुई है। घटना स्थल के आस पास कई डिस्पोजल व दवा की शीशियां भी मिली है। जिससे यह अनुमान लगाया जा रहा है कि इस जगह पर नशेड़ियों का अड्डा रहा होगा। वहीं, उसकी कही अन्यत्र हत्या कर शव को यहां लाकर फेकने से इंकार नहीं किया जा सकता है। बहरहाल, पुलिस भी कई बिंदुओं पर जांच कर रही है। हालांकि, घटना स्थल पर मिले साक्ष्य तथा युवक के मौत के तरीको को देख इसे सुनियोजित हत्या से इंकार नहीं किया जा सकता है।

 

वहीं दूसरी घटना ब्रह्मपुर थाना क्षेत्र के गायघाट पुल से लगभग 500 मीटर पश्चिम स्थित गोकुल जलाशय के समीप एक युवती का शव मिला। रोज की तरह सुबह में ग्रामीण खेतों के तरफ निकले तो उनकी नजर जलाशय के किनारे पड़े शव पर पड़ी। इस घटना की खबर जंगल में आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण घटनास्थल पर इकट्ठा हो गए। ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना ब्रह्मपुर थाना को दी। जानकारी मिलते ही थानाध्यक्ष ब्रजेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने स्थल पर पहुंचकर सबसे पहले क्षेत्र को घेराबंदी कर सुरक्षित किया और शव की जांच की। प्राथमिक जांच के बाद शव को पुलिस ने अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बक्सर सदर अस्पताल भेज दिया।

थानाध्यक्ष ने बताया कि प्रथम दृष्टया शव दो से चार दिन पुराना प्रतीत हो रहा है, जिसके कारण पहचान करना मुश्किल हो रहा है। शव पर प्रारंभिक रूप से किसी बड़े घाव या चोट के निशान स्पष्ट रूप से नहीं मिले हैं, लेकिन वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चल पाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button