“अस्मिता महिला ताइक्वांडो लीग” में बक्सर की बेटियों का शानदार प्रदर्शन
महिला दिवस पर खेलो इंडिया के तत्वावधान में आयोजित प्रतियोगिता में शारदा ने जीता रजत एवं अंशिका ने कांस्य




न्यूज़ विज़न। बक्सर
पटना के मोइनुल हक स्टेडियम राजेंद्र नगर में खेलो इंडिया द्वारा महिला दिवस के अवसर पर आयोजित “अस्मिता महिला ताइक्वांडो लीग” में बिहार के 30 जिलों की बालिकाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। यह प्रतियोगिता अंडर-17, अंडर-19, और सीनियर वर्ग के श्रेणियों में आयोजित की गई थी।








“अस्मिता महिला ताइक्वांडो लीग” प्रतियोगिता में जिले से 5 खिलाड़ियों ने इस राज्य स्तरीय लीग में भाग लिया और अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। जिसमे शारदा कुमारी ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए रजत पदक पर कब्जा जमाया, जबकि अंशिका मिश्रा ने कड़ी प्रतिस्पर्धा के बीच कांस्य पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया। इसके अलावा, अंशिका सिन्हा, वैभवी और तंशिका ने भी शानदार खेल भावना का परिचय देते हुए सभी का दिल जीत लिया।
इस प्रतियोगिता में बक्सर के अमन कुमार सिंह को उनके अद्भुत समर्पण और खेल के प्रति योगदान के लिए स्टेट रेफरी की भूमिका निभाने पर विशेष रूप से सम्मानित किया गया। बक्सर ताइक्वांडो एसोसिएशन के जनरल सेक्रेटरी संजू सिंह, वाइस प्रेसिडेंट संजय सिंह, कोच शैलेश सिंह और टीम के अन्य सदस्य प्रिंस कुमार, सौरव सिंह, प्रीति उपाध्याय सहित पूरी बक्सर ताइक्वांडो परिवार ने खिलाड़ियों को हार्दिक शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शारदा कुमारी को नेशनल चैंपियनशिप के लिए चयनित होने पर ढेरों बधाइयाँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।



यह सफलता बक्सर की बेटियों की मेहनत, लगन और खेल के प्रति समर्पण का प्रत्यक्ष प्रमाण है। इस उपलब्धि से न केवल जिले का मान बढ़ा है, बल्कि उन्होंने अन्य लड़कियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया है।

