OTHERS

आशा कार्यकर्ताओं ने केंद्रीय बजट की प्रति जलाकर जताया विरोध, बकाया भुगतान को लेकर सरकार पर साधा निशाना

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में अखिल भारतीय आशा फेडरेशन के आह्वान पर बुधवार, 1 अप्रैल को आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों ने केंद्रीय बजट के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। लोकसभा में दिए गए आश्वासन के बावजूद केंद्रीय बजट में आशा कार्यकर्ताओं के लिए कोई ठोस प्रावधान नहीं किए जाने से नाराज कार्यकर्ताओं ने बक्सर सदर प्रखंड सहित जिले के अन्य प्रखंडों में भी केंद्रीय बजट की प्रति जलाकर विरोध दर्ज कराया।

 

सदर प्रखंड बक्सर में बड़ी संख्या में जुटीं आशा और आशा फैसिलिटेटरों ने केंद्र और बिहार सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार पर उपेक्षा का आरोप लगाते हुए कहा कि लगातार उनसे काम तो लिया जा रहा है, लेकिन उनके मेहनताना का भुगतान समय पर नहीं किया जा रहा है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिला संयोजक सह राज्य उपाध्यक्ष अरुण कुमार ओझा ने कहा कि सरकार का रवैया आशा और आशा फैसिलिटेटरों के प्रति हमेशा से नकारात्मक रहा है। उन्होंने बताया कि विगत 8 महीनों से भुगतान लंबित है, जबकि कई महत्वपूर्ण स्वास्थ्य कार्यक्रमों में लगातार उनकी सेवाएं ली जाती रही हैं। आंदोलन के दबाव में फरवरी और मार्च महीने में तीन माह का भुगतान तो किया गया, लेकिन अब भी पांच माह का मानदेय बकाया है।

 

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि सरकार जल्द ही बकाया भुगतान और अन्य मांगों पर ध्यान नहीं देती है, तो 11 और 12 अप्रैल को पटना में आयोजित होने वाली कार्यशाला में बड़े आंदोलन का निर्णय लिया जाएगा। इस कार्यशाला में अखिल भारतीय स्तर की नेत्री सिंधु जी के भी शामिल होने की बात कही गई है। वक्ताओं ने सरकार पर मजदूर विरोधी और महिला विरोधी रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उनका कहना था कि 8-8 महीने तक काम लेकर भुगतान नहीं करना सरकार की नीयत पर सवाल खड़ा करता है। इस विरोध प्रदर्शन में चिकित्सा संघ के राज्य उपाध्यक्ष मनोज चौधरी, आशा फैसिलिटेटर मीरा देवी, प्रेमशिला देवी, उर्मिला देवी, पुष्पा देवी, अर्चना श्रीवास्तव, सीमा देवी, नीतू कुमारी, कमला देवी, चिंता देवी, संतोषी देवी, अभिराजू देवी सहित सैकड़ों आशा एवं आशा फैसिलिटेटरों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान सभी ने एक स्वर में चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगें पूरी नहीं की गईं, तो आने वाले दिनों में आंदोलन और तेज किया जाएगा।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button