CRIME

अर्जुन यादव हत्याकांड में पुलिस को बड़ी सफलता, मुख्य शूटर का सहयोगी दिनेश यादव कर्मनाशा पुल से गिरफ्तार

एसआईटी की कार्रवाई में पकड़ा गया फरार आरोपी, पूछताछ में कबूला जुर्म; अब तक नौ अभियुक्त जा चुके हैं जेल

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर के मुफस्सिल थाना क्षेत्र में पिछले वर्ष हुए चर्चित ठेकेदार अर्जुन यादव हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। इस कांड में शामिल मुख्य शूटर के सहयोगी को एसआईटी टीम ने गिरफ्तार कर लिया है। हत्याकांड के बाद से ही फरार चल रहे आरोपी को गुप्त सूचना के आधार पर कर्मनाशा पुल के समीप से दबोचा गया।

 

जानकारी के अनुसार 26 मई 2025 को चौसा पावर प्लांट के समीप अज्ञात अपराधियों ने अखौरीपुर गोला निवासी स्वर्गीय सुरेन्द्र यादव के पुत्र एवं ठेकेदार अर्जुन यादव की गोली मारकर हत्या कर दी थी। इस सनसनीखेज घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया था। मामले को लेकर मुफस्सिल थाना में एफआईआर दर्ज की गई थी। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य के निर्देश पर सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया गया था। गठित टीम ने लगातार कार्रवाई करते हुए इस मामले में अब तक कुल नौ अभियुक्तों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था, लेकिन मुख्य शूटर निखिल यादव का सहयोगी दिनेश यादव घटना के बाद से फरार चल रहा था।

 

पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर रही थी। इसी बीच मंगलवार को पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी दिनेश यादव उत्तर प्रदेश से बक्सर की ओर आ रहा है। सूचना मिलते ही एसआईटी टीम ने कर्मनाशा पुल के समीप घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दिनेश यादव ने इस हत्याकांड में मुख्य शूटर निखिल यादव के सहयोगी के रूप में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। गिरफ्तार अभियुक्त दिनेश यादव, पिता रामाश्रय यादव, ग्राम इमामुद्दीनपुर, तहसील कासिमाबाद, जिला गाजीपुर (उत्तर प्रदेश) का निवासी है। उसके विरुद्ध मुफस्सिल थाना तथा इटाढ़ी थाना में विभिन्न धाराओं में मामले दर्ज हैं।

बुधवार को सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय ने आयोजित प्रेस वार्ता में इस गिरफ्तारी की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस की लगातार कार्रवाई के कारण इस कांड के अधिकांश आरोपी सलाखों के पीछे पहुंच चुके हैं और बाकी फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी जारी है। इस कार्रवाई में सदर एसडीपीओ गौरव कुमार पांडेय, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, मुफस्सिल थाना के अपर थानाध्यक्ष चंदन कुमार, डीआईयू शाखा के पु.अ.नि. चंदन कुमार, डीआईयू के सशस्त्र बल तथा मुफस्सिल थाना के सशस्त्र बल शामिल थे।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button