रोटरी क्लब बक्सर की सराहनीय पहल : पीपीएच कैंप के तहत 150 मरीजों को दी गई सीपीआर ट्रेनिंग
साबित खिदमत फाउंडेशन में आयोजित प्रशिक्षण से हार्ट अटैक के बढ़ते मामलों पर लगेगी लगाम


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रोटरी क्लब बक्सर द्वारा पीपीएच (PPH) कैंप के अंतर्गत शनिवार को साबित खिदमत फाउंडेशन परिसर में सीपीआर (कार्डियो पल्मोनरी रिससिटेशन) ट्रेनिंग का आयोजन किया गया। इस दौरान लगभग 150 मरीजों और आम लोगों को जीवन रक्षक सीपीआर तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया। यह प्रशिक्षण दोपहर 1 बजे से 4 बजे तक चला। सीपीआर ट्रेनिंग का संचालन डॉ. दिलशाद आलम एवं डॉ. मनीष कुमार द्वारा किया गया। दोनों चिकित्सकों ने मरीजों को हार्ट अटैक जैसी आपात स्थिति में तुरंत किए जाने वाले जरूरी उपायों की जानकारी दी और डेमो के माध्यम से सीपीआर की सही प्रक्रिया समझाई।
पीपीएच कैंप के तहत चल रहे हैं कई जनहित कार्यक्रम
रोटरी क्लब बक्सर के पीपीएच कैंप के अंतर्गत केवल मेडिकल कैंप ही नहीं, बल्कि सीपीआर ट्रेनिंग, ड्रग डी-एडिक्शन, स्कूल हेल्थ अवेयरनेस जैसे सामाजिक सरोकार से जुड़े अनेक कार्यक्रम लगातार चलाए जा रहे हैं। रोटरी क्लब द्वारा जिले के स्कूलों, अस्पतालों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान चलाकर समाज को स्वास्थ्य के प्रति सजग बनाने का प्रयास किया जा रहा है। डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि सीपीआर की सही जानकारी होने से हार्ट अटैक के हजारों मरीजों की जान बचाई जा सकती है, वहीं जिले में तेजी से बढ़ रहे हार्ट अटैक के मामलों को भी काफी हद तक कम किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि समय पर दिया गया सीपीआर किसी भी मरीज के लिए जीवनदायी साबित हो सकता है।
स्कूल स्तर से शुरू होगा अभियान
उन्होंने बताया कि बच्चे जल्दी सीखते हैं, इसलिए आने वाले समय में स्कूल स्तर पर भी सीपीआर ट्रेनिंग कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इस अभियान में संत मैरी स्कूल सेमरी, डुमरांव सहित अन्य स्कूलों को शामिल किया जाएगा, ताकि बचपन से ही बच्चों में आपात स्थिति से निपटने की समझ विकसित हो।
सीपीआर ट्रेनिंग के दौरान डॉ. दिलशाद आलम ने बताया कि—
* एक मिनट में लगभग 100 कंप्रेशन देना चाहिए
* 30 कंप्रेशन के बाद 2 बार मुंह से सांस देना अनिवार्य है
* सीने को लगभग 6 सेंटीमीटर तक दबाया जा सकता है
* सही स्थान पर और सही तरीके से सीपीआर देने से मरीज को राहत मिलती है
अभियान लगातार जारी रहेगा
डॉ. दिलशाद आलम ने कहा कि यह अभियान पीपीएच कैंप के तहत लगातार चलता रहेगा और हर अस्पताल व हर क्षेत्र में इसे पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी वर्गों से अपील की कि इस तरह के सामाजिक कार्यक्रमों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें, क्योंकि यह हम सभी नागरिकों का नैतिक कर्तव्य है। कार्यक्रम में डॉ. दिलशाद आलम, डॉ. मनीष कुमार, आरएमओ मनीष कुमार, रोटरी के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार, रोट्रैक्ट से राहुल, रोटरी सचिव साहिल, सहित रामाधार, सुनील कुमार, रानू, राहुल कुमार, प्रमोद कुमार, सनम, जानकी, अंजलि, हसीना, सोनू, निजामुद्दीन एवं अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।





