आंगनबाड़ी सेविकाओं ने रंगोली बना मतदान के प्रति किया जागरूक
भयमुक्त, पारदर्शी एवं स्वैच्छिक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का दिया संदेश



न्यूज विजन। बक्सर
बिहार विधानसभा आम चुनाव 2025 के अंतर्गत स्वीप कार्यक्रम के तहत आईसीडीएस की आंगनवाड़ी सेविकाओं द्वारा डुमरांव में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम को “पोषण माह” के साथ जोड़ते हुए आंगनवाड़ी सेविकाओं ने रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से मतदाता जागरूकता का संदेश दिया। रंगोली में मतदान से संबंधित चित्र उकेरे। उन्होंने प्रत्येक मतदाता को भयमुक्त, पारदर्शी एवं स्वैच्छिक रूप से अपने मताधिकार का प्रयोग करने का संदेश दिया।








कार्यक्रम के अंत में आंगनवाड़ी सेविकाओं और उपस्थित महिलाओं एवं ग्रामीणों को मतदाता शपथ दिलाई गई। सभी ने संकल्प लिया कि वे स्वयं मतदान करेंगे और अपने परिवार एवं समुदाय को भी मतदान हेतु प्रेरित करेंगे।




कार्यक्रम की मुख्य विशेषता पोषण माह एवं चुनावी जागरूकता को एक साथ जोड़ने का अभिनव प्रयास है। रंगोली प्रतियोगिता के माध्यम से मतदान करने का संदेश और महिलाओं एवं स्थानीय समुदाय की सक्रिय भागीदारी है। मतदाता शपथ के जरिए लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति प्रतिबद्धता भी मुख्य विशेषता है।
जिलाधिकारी सह जिला निर्वाचन पदाधिकारी, बक्सर ने कहा कि लोकतंत्र को सशक्त बनाने का सबसे प्रभावी साधन मतदान है। प्रत्येक मतदाता को अपने मताधिकार का प्रयोग करना चाहिए। महिलाएं, युवा और प्रथम बार के मतदाता इस अभियान की रीढ़ हैं। सभी नागरिक भयमुक्त वातावरण में मतदान केंद्र तक जाएं और लोकतंत्र को मजबूत करने में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करें।

