CRIME

अमृत भारत ट्रेन में महिला यात्री का मोबाइल झपट्टा मारकर चोरी करने वाला गिरोह पकड़ा गया, चार गिरफ्तार

आरपीएफ और जीआरपी बक्सर की संयुक्त कार्रवाई में गैंग का खुलासा, चोरी के मोबाइल खरीदने वाला दुकानदार भी गिरफ्तार

न्यूज विज़न। बक्सर
बक्सर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए चलाए जा रहे “ऑपरेशन यात्री सुरक्षा” के तहत रेलवे सुरक्षा बल (RPF) बक्सर और जीआरपी बक्सर की संयुक्त टीम को बड़ी सफलता मिली है। संयुक्त कार्रवाई में अमृत भारत ट्रेन से महिला यात्री का मोबाइल झपट्टा मारकर चोरी करने वाले गिरोह के तीन सदस्यों सहित चोरी का सामान खरीदने वाले एक दुकानदार को गिरफ्तार किया गया है।

 

मिली जानकारी के अनुसार गुरुवार को अमृत भारत ट्रेन संख्या 22362 से यात्रा कर रही एक महिला यात्री का मोबाइल खिड़की से झपट्टा मारकर चोरी कर भाग रहे एक व्यक्ति को आरपीएफ और जीआरपी की टीम ने रंगे हाथ पकड़ लिया। पकड़े गए आरोपी की पहचान सुहेल अंसारी (पिता– अलाउद्दीन अंसारी), निवासी गजाधरगंज, बक्सर के रूप में हुई है।

 

गिरफ्तार आरोपी की निशानदेही और मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने उसके गैंग के दो अन्य साथियों को भी स्टेशन परिसर से गिरफ्तार कर लिया। इनकी पहचान सुहेल खान (पिता– लुकमान खान), निवासी गजाधरगंज, बक्सर तथा धर्मेंद्र कुमार (पिता– रामप्रवेश सिंह), निवासी ग्राम कोरानसराय, बक्सर के रूप में हुई है।

पूछताछ के दौरान आरोपियों ने बताया कि वे लोग मिलकर ट्रेनों में यात्रियों के कीमती सामान और मोबाइल फोन चोरी करते थे और चोरी किए गए मोबाइल को गजाधरगंज स्थित मोहम्मद नासिर की मोबाइल दुकान पर बेच देते थे। इस जानकारी के आधार पर पुलिस ने गजाधरगंज स्थित उक्त दुकान पर छापेमारी की, जहां से पहले चोरी किए गए दो महंगे मोबाइल फोन बरामद किए गए। इसके बाद दुकानदार मोहम्मद नासिर को भी गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ में आरोपियों ने यह भी बताया कि उनकी आपस में दोस्ती आरा जेल में हुई थी, जहां वे पहले भी ट्रेन में यात्रियों के मोबाइल चोरी के मामले में बंद रह चुके थे। जेल से बाहर आने के बाद उन्होंने मिलकर फिर से ट्रेनों में चोरी करना शुरू कर दिया। आरोपियों ने यह भी स्वीकार किया कि महिला यात्री का मोबाइल ब्लेड की मदद से बैग काटकर चोरी किया गया था।

इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपियों के पास से एक लेडीज पर्स (जिसमें 200 रुपये नकद), चार मोबाइल फोन और एक ब्लेड बरामद किया है। गिरफ्तार सभी आरोपियों तथा चोरी का मोबाइल खरीदने वाले दुकानदार के विरुद्ध जीआरपी थाना बक्सर में विधि सम्मत कार्रवाई की जा रही है।

यह पूरी कार्रवाई आरपीएफ बक्सर के निरीक्षक प्रभारी कुंदन कुमार और जीआरपी प्रभारी विकास कुमार के निर्देशन में की गई। अभियान में उप निरीक्षक विजेंद्र मुवाल, आरक्षी बृजेश कुमार सिंह, प्रधान आरक्षी राजेश कुमार के साथ जीआरपी बक्सर के हवलदार राजेंद्र मिश्रा सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे।

रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान अपने सामान की सुरक्षा का विशेष ध्यान रखें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तुरंत रेलवे पुलिस को दें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button