OTHERS

कड़ाके की ठंड में प्रशासन की मानवीय पहल, जरूरतमंदों के बीच कंबल वितरण अभियान

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में लगातार बढ़ती कड़ाके की ठंड और शीतलहर को देखते हुए जिला प्रशासन ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए मोर्चा संभाल लिया है। जिलाधिकारी साहिला के निर्देशानुसार बक्सर अनुमंडल प्रशासन द्वारा विशेष अभियान चलाकर गरीब, लाचार और बेसहारा लोगों के बीच कंबल का वितरण किया गया।

 

इस अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी (एसडीएम) अविनाश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (डीएसपी) गौरव पांडे ने किया। दोनों अधिकारियों ने बक्सर शहर के विभिन्न इलाकों का भ्रमण करते हुए रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, सड़क किनारे और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर खुले में जीवन यापन कर रहे लोगों से मुलाकात की और उन्हें कंबल प्रदान कर ठंड से राहत पहुंचाई। अचानक तापमान में आई गिरावट के कारण सबसे अधिक परेशानी उन लोगों को हो रही है, जो खुले आसमान के नीचे रात बिताने को मजबूर हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने त्वरित कदम उठाते हुए देर रात तक अभियान चलाकर जरूरतमंदों तक राहत सामग्री पहुंचाई।

 

इस दौरान एसडीएम अविनाश कुमार ने कहा कि ठंड के इस मौसम में कोई भी व्यक्ति असहाय अवस्था में न रहे, यह प्रशासन की प्राथमिकता है। उन्होंने बताया कि यह अभियान अंचल स्तर पर भी अंचल अधिकारियों को निर्देशित किया गया है जिसका लगातार मेरे द्वारा मॉनिटरिंग किया जा रहा है। पंचायत के मुखिया सरपंच व अन्य जनप्रतिनिधियों से सूचना मिलने पर भी तवरित कार्यवाई की जा रही है ताकि इस ठंड से असहाय लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया की यह अभियान लगातार आगे भी जारी रहेगा और जरूरत के अनुसार अन्य क्षेत्रों में भी कंबल वितरण किया जाएगा। साथ ही उन्होंने आम नागरिकों से भी अपील की कि वे जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं।

डीएसपी गौरव पांडे ने बताया कि पुलिस प्रशासन भी इस मानवीय कार्य में पूरी तत्परता के साथ सहयोग कर रहा है, ताकि समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों तक मदद समय पर पहुंच सके। कंबल पाकर जरूरतमंद लोगों के चेहरे पर राहत और खुशी साफ नजर आई। उन्होंने जिला प्रशासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस ठंड में यह सहायता उनके लिए जीवनदायिनी साबित हो रही है। जिला प्रशासन की इस पहल से यह संदेश गया है कि विपरीत परिस्थितियों में सरकार और प्रशासन आमजन के साथ खड़ा है और मानवीय मूल्यों के साथ सेवा भाव से कार्य कर रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button