CRIME

बक्सर में मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन, अवैध हथियारों के साथ दो गिरफ्तार

वासुदेवा थाना क्षेत्र के बिंद टोली में पुलिस की छापेमारी, देसी कट्टा, बंदूक, खोखा, कारतूस समेत हथियार बनाने के भारी मात्रा में सामान बरामद

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले में अवैध हथियारों के निर्माण और कारोबार के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वासुदेवा थाना क्षेत्र के ग्राम वासुदेवा बिंद टोली में पुलिस ने छापेमारी कर कथित रूप से संचालित मिनी गन फैक्ट्री का उद्भेदन किया है। इस कार्रवाई में पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। मौके से हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाले बड़ी मात्रा में उपकरण और सामग्री भी बरामद की गई है।

 

पुलिस के अनुसार, 22 अक्टूबर 2026 को गुप्त सूचना प्राप्त हुई थी कि वासुदेवा थाना अंतर्गत ग्राम वासुदेवा बिंद टोली के बिगन बिंद, पिता-स्वर्गीय छबीला बिंद, निवासी वासुदेवा बिंद टोली, थाना वासुदेवा, जिला बक्सर अपने घर से अवैध हथियारों का कारोबार कर रहे हैं। सूचना के सत्यापन और आवश्यक कार्रवाई के लिए पुलिस अधीक्षक बक्सर के निर्देश पर डुमरांव अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। गठित टीम ने सूचना के आधार पर आरोपितों के घर पर छापेमारी की। इस दौरान बिगन बिंद और संतोष शर्मा को अवैध हथियारों तथा हथियार निर्माण में इस्तेमाल होने वाली सामग्री के साथ गिरफ्तार किया गया। मामले में वासुदेवा थाना कांड संख्या 125/26, दिनांक 22 अक्टूबर 2026 दर्ज किया गया है। पुलिस ने आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई शुरू कर दी है।

 

पुलिस द्वारा जारी जानकारी के अनुसार, गिरफ्तार आरोपितों में बिगन बिंद, पिता-स्वर्गीय छबीला बिंद, ग्राम वासुदेवा बिंद, थाना वासुदेवा, जिला बक्सर तथा संतोष शर्मा, पिता-स्वर्गीय रामधनी शर्मा, ग्राम+थाना नावानगर, जिला बक्सर शामिल हैं।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दो देसी कट्टा, एक एकनाली बंदूक, एक अर्धनिर्मित देसी कट्टा, एक खोखा और छह कारतूस बरामद किए। इसके अलावा 22 ग्राम गांजा भी बरामद हुआ। हथियार निर्माण से जुड़े सामान में छोटी-बड़ी छेनी, लोहे का बना सुम्मा, अर्धनिर्मित बैरल, ट्रिमर, हैमर, कट्टा का माथा, सेंटर पंच, लोहे का मारकाट, पिलास, सरसी, लोहे काटने वाली कैंची, लोहे के पाइप, रेती, हथौड़ी, रेगर, निहारी, गुनिया, जमुरा, बेंच, पुरानी ग्रेडर मशीन, हवा देने वाली भट्ठी और छोटी-बड़ी स्प्रिंग सहित अन्य सामग्री शामिल है।

इस कार्रवाई में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी डुमरांव भास्कर रंजन, अंचल निरीक्षक अरविंद कुमार, डीआईयू प्रभारी सुधीर कुमार, पुनिअनि सह थानाध्यक्ष अनिल कुमार पासवान, डीआईयू टीम बक्सर तथा सशस्त्र बल वासुदेवा थाना की भूमिका रही।
पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध हथियार निर्माण और कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मचा है। पुलिस अब गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ कर यह पता लगाने में जुटी है कि इस अवैध हथियार निर्माण और कारोबार का नेटवर्क कहां तक फैला हुआ है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button