श्री गौरी शंकर मंदिर परिसर में विराजीं बक्सर की महारानी, वैदिक मंत्रोच्चार के साथ खुला मां का पट
जय हिंद क्लब सोहनी पट्टी की ओर से नवरात्रि में विशेष पूजा-अर्चना, नवमी को कुंवारी पूजन के बाद होगा भव्य भंडारा

न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के सोहनी पट्टी स्थित श्री गौरी शंकर मंदिर परिसर में विराजीं बक्सर की महारानी का रविवार की सुबह 7 बजे वैदिक मंत्रोच्चार एवं धार्मिक अनुष्ठान के बीच विधिवत पट्ट खोला गया। पट खुलते ही श्रद्धालुओं ने मां के दर्शन कर पूजा-अर्चना की और क्षेत्र में भक्तिमय माहौल बन गया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शन एवं आशीर्वाद लेने के लिए मंदिर परिसर में पहुंचे।
मां की पूजा-अर्चना एवं आयोजन की व्यवस्था जय हिंद क्लब सोहनी पट्टी की ओर से की जा रही है। क्लब के अध्यक्ष चक्रवर्ती चौधरी, महासचिव दिलीप कुमार सिन्हा (गुरु लाल) तथा कार्यकारिणी अध्यक्ष जयवंत कुमार श्रीवास्तव ने संयुक्त रूप से बताया कि नवरात्रि के प्रथम दिन से ही मां के दरबार में विधि-विधान के साथ हवन एवं पूजा-अर्चना का आयोजन किया जा रहा है। पूरे नवरात्रि श्रद्धालुओं के लिए विशेष धार्मिक आयोजन जारी रहेंगे।
उन्होंने बताया कि नवमी के दिन कुंवारी पूजन का आयोजन किया जाएगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें पूरी, सब्जी, हलवा एवं खीर का प्रसाद वितरित किया जाएगा। वहीं, दशमी के दिन भी प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष मां के विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। आयोजन समिति ने श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मां का आशीर्वाद लेने और प्रसाद ग्रहण करने की अपील की है।
पट खुलने के अवसर पर मंदिर परिसर में श्रद्धा और उत्साह का माहौल देखने को मिला। मौके पर सत्यराज सिन्हा, राजा पटेल, मुन्ना शर्मा, विकास कुमार, शिवम, शुभम, अमित, अनिल ओझा, सुजीत सिन्हा, हेमंत, आदित्य राज शर्मा, टुनटुन उपाध्याय, रोहित पटेल, मुन्ना पटेल, मुन्ना पाठक, पिंटू शर्मा, प्रीतम, बंटी, राहुल, केशर चौधरी, गुड्डू बाबा, राजेश कुमार, रिशु पाण्डेय, राजू शर्मा सहित क्लब के कई सदस्य एवं श्रद्धालु मौजूद रहे। नवरात्रि के दौरान बक्सर की महारानी के दरबार में श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने की संभावना है और पूरे क्षेत्र में भक्तिमय वातावरण बना हुआ है।




