OTHERS

बक्सर में डिज्नीलैंड मेले का भव्य शुभारंभ, ‘छिपकली झूला’ रहेगा खास आकर्षण

आईटीआई रोड स्थित जेल पईन रोड में लगा मनोरंजन का रंगीन संसार, नवरात्रि से दीपावली और छठ तक चलेगा मेला

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
शहर के आईटीआई रोड स्थित जेल पईन रोड, वार्ड नंबर 5 में शुक्रवार को मनोरंजन और खरीदारी के रंगीन संसार डिज्नीलैंड मेले का भव्य शुभारंभ किया गया। मेले का उद्घाटन बक्सर नगर परिषद की चेयरमैन कमरून निशा, नियमतुल्ला फरीदी, वार्ड नंबर 5 के वार्ड पार्षद दीपक सिंह, मेले के प्रोपराइटर डब्बू जी, हरि दुबे, पवन दुबे एवं किस्मत यादव ने संयुक्त रूप से फीता काटकर किया। मेले के शुभारंभ के साथ ही परिसर में लोगों की आवाजाही शुरू हो गई और बच्चों से लेकर युवाओं एवं परिवारों में मेले को लेकर उत्साह देखने को मिला।

 

आयोजकों के अनुसार, डिज्नीलैंड मेले का आयोजन प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से रात 10 बजे तक किया जाएगा। इस बार मेले में लोगों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए कई नए और आकर्षक झूले लगाए गए हैं। मेले का मुख्य आकर्षण ‘छिपकली झूला’ रहेगा। आयोजकों का दावा है कि इस तरह के झूले का आनंद बिहार में पहली बार लोग यहां उठा सकेंगे। यही वजह है कि मेले में आने वाले लोगों के बीच इस नए झूले को लेकर विशेष उत्सुकता बनी हुई है।

 

बच्चों और युवाओं के लिए कई तरह के झूले

डिज्नीलैंड मेले में बच्चों और युवाओं के मनोरंजन के लिए विभिन्न प्रकार के झूले लगाए गए हैं। इनमें टावर झूला, ब्रेक डांस, ड्रैगन, मिकी माउस, नाव झूला और भूत बंगला समेत कई आकर्षक मनोरंजन के साधन शामिल हैं। आयोजकों का कहना है कि अलग-अलग आयु वर्ग के लोगों को ध्यान में रखते हुए मेले में मनोरंजन की विशेष व्यवस्था की गई है। मेले में परिवार के साथ पहुंचने वाले लोगों के लिए मनोरंजन के साथ-साथ खरीदारी की भी व्यवस्था की गई है। परिसर में मीना बाजार लगाया गया है, जहां विभिन्न प्रकार की आकर्षक वस्तुओं की खरीदारी की जा सकती है। बच्चों के लिए उपयोगी सामान से लेकर महिलाओं और परिवार के अन्य सदस्यों की पसंद की वस्तुएं भी बाजार में उपलब्ध रहेंगी।

खाने-पीने के लिए भी लगाए गए हैं कई स्टॉल

मेले में आने वाले लोगों के लिए खाने-पीने की भी विशेष व्यवस्था की गई है। परिसर में विभिन्न प्रकार के खाने-पीने के स्टॉल लगाए जा रहे हैं, जहां लोग अलग-अलग व्यंजनों का स्वाद ले सकेंगे। इस तरह मनोरंजन, खरीदारी और खान-पान की सुविधाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।

नवरात्रि से छठ पूजा तक चलेगा मेला

आयोजकों ने बताया कि नवरात्रि पर्व को लेकर मेले में विशेष तैयारियां की गई हैं। यह मेला नवरात्रि से शुरू होकर दीपावली और छठ पूजा तक जारी रहेगा। इस दौरान बक्सर शहर के साथ-साथ आसपास के क्षेत्रों से भी बड़ी संख्या में लोगों के मेले में पहुंचने की उम्मीद है। मेले के शुभारंभ के मौके पर आयोजकों ने शहरवासियों एवं आसपास के लोगों से परिवार के साथ मेले में पहुंचने और विभिन्न मनोरंजक झूलों एवं अन्य आकर्षणों का आनंद लेने की अपील की। आयोजकों का कहना है कि लोगों के मनोरंजन को ध्यान में रखते हुए मेले को आकर्षक रूप दिया गया है और आने वाले दिनों में यहां लोगों की अच्छी भीड़ जुटने की उम्मीद है।

वीडियो देखें :

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button