दुर्गा पूजा और दशहरा को लेकर प्रशासन अलर्ट, किला मैदान में रावण दहन से पहले DM-SP ने परखी सुरक्षा व्यवस्था
किला मैदान में भीड़ प्रबंधन और सुरक्षा तैयारियों का लिया जायजा, शहर में निकला फ्लैग मार्च; विसर्जन मार्गों पर बिजली के तारों और संभावित बाधाओं की भी हुई जांच

न्यूज़ विज़न। बक्सर
दुर्गा पूजा और दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर जिला प्रशासन और पुलिस प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। शुक्रवार को जिलाधिकारी साहिला और पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने संयुक्त रूप से ऐतिहासिक किला मैदान का निरीक्षण किया। किला मैदान में दशहरे के दिन आयोजित होने वाले रावण दहन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के जुटने को देखते हुए प्रशासन ने सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन की तैयारियों को प्राथमिकता दी है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक ने किला मैदान में रावण दहन कार्यक्रम को लेकर की गई तैयारियों, सुरक्षा व्यवस्था, भीड़ नियंत्रण, श्रद्धालुओं की आवाजाही सहित अन्य जरूरी व्यवस्थाओं का जायजा लिया। अधिकारियों ने मौके पर मौजूद संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए, ताकि कार्यक्रम के दौरान किसी प्रकार की अव्यवस्था की स्थिति उत्पन्न न हो। जिलाधिकारी साहिला ने कहा कि किला मैदान में रावण दहन कार्यक्रम को लेकर प्रशासन द्वारा की गई तैयारियों और व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया गया है। कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो, इसके लिए संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने जिलेवासियों से आगामी त्योहारों को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाने की अपील की।
सप्तमी से नवमी तक संवेदनशील इलाकों में फ्लैग मार्च
पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने बताया कि दुर्गा पूजा के सप्तमी, अष्टमी और नवमी को देखते हुए जिले के सभी थाना क्षेत्रों में संवेदनशील इलाकों को चिन्हित कर फ्लैग मार्च कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य आम लोगों और श्रद्धालुओं के बीच सुरक्षा का भरोसा कायम करने के साथ-साथ पुलिस की तैयारियों का जायजा लेना भी है। एसपी ने कहा कि प्रतिमा विसर्जन के मार्गों और उन स्थानों की भी जांच की जा रही है, जहां से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आवाजाही होती है। विसर्जन मार्ग में बिजली के तारों की स्थिति, लटकते तारों तथा अन्य संभावित बाधाओं को देखा जा रहा है, ताकि विसर्जन शोभायात्रा के दौरान किसी तरह की परेशानी या दुर्घटना की स्थिति उत्पन्न न हो।
पूजा समितियों से अनुशासित विसर्जन की अपील
पुलिस अधीक्षक ने जिले की सभी पूजा समितियों से अपील की कि प्रतिमा विसर्जन शोभायात्रा को निर्धारित नियमों और अनुशासन के साथ निकालें। उन्होंने पूजा समितियों से असामाजिक तत्वों को शोभायात्रा में शामिल नहीं होने देने की अपील की।एसपी शुभम आर्य ने कहा कि जिले में शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है। इसमें आम लोगों और पूजा समितियों की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी पूजा समितियों से लाइसेंस में निर्धारित शर्तों का अक्षरशः पालन करने की भी अपील की।
शहर में निकला फ्लैग मार्च, बड़ी संख्या में पुलिस बल रहा मौजूद
किला मैदान के निरीक्षण के बाद बक्सर शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस बल की मौजूदगी का संदेश देने के साथ-साथ लोगों में सुरक्षा का विश्वास कायम करने का प्रयास किया गया। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि त्योहार के दौरान किसी भी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पुलिस और प्रशासनिक स्तर पर आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं। फ्लैग मार्च एवं निरीक्षण के दौरान एडीएम अरुण कुमार सिंह, सदर एसडीओ अविनाश कुमार, सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय, नगर परिषद के कार्यपालक पदाधिकारी कुमार ऋतिक, नगर थानाध्यक्ष मनोज सिंह सहित जिला प्रशासन के कई अधिकारी और बड़ी संख्या में पुलिस बल के जवान मौजूद रहे। प्रशासन ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे त्योहार को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण वातावरण में मनाएं, अफवाहों से बचें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस या प्रशासन को दें।
वीडियो देखें :




