रेस्टोरेंट BR-44 में छापेमारी, संदिग्ध गतिविधियां मिलने पर SDO ने किया सील
फूड सेफ्टी मानकों के उल्लंघन पर प्रशासन की कार्रवाई, SDO अविनाश कुमार और SDPO गौरव पांडे के नेतृत्व में हुई छापेमारी


न्यूज़ विज़न। बक्सर
मंगलवार को शहर के चरित्रवन स्थित रेस्टोरेंट B-44 में प्रशासन की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी की। कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पदाधिकारी (SDO) अविनाश कुमार एवं अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) गौरव पांडे ने किया।
प्रशासन को रेस्टोरेंट में संदिग्ध गतिविधियों एवं अनियमितताओं की सूचना मिली थी। सूचना के आधार पर अधिकारियों ने पुलिस बल के साथ रेस्टोरेंट में पहुंचकर जांच-पड़ताल की। छापेमारी के दौरान रेस्टोरेंट में संदिग्ध वस्तुएं एवं कथित अनैतिक गतिविधियों से जुड़े मामले सामने आने की बात कही गई है। जांच के दौरान रेस्टोरेंट में फूड सेफ्टी से संबंधित निर्धारित मानकों के उल्लंघन की भी बात सामने आई। अधिकारियों द्वारा मौके पर रेस्टोरेंट की व्यवस्थाओं, खाद्य सामग्री तथा अन्य संबंधित बिंदुओं की जांच की गई।
जांच में मिली अनियमितताओं को गंभीरता से लेते हुए अनुमंडल पदाधिकारी अविनाश कुमार ने रेस्टोरेंट को सील करने का आदेश दिया, जिसके बाद प्रशासनिक टीम ने रेस्टोरेंट को सील बंद कर दिया। प्रशासन की इस कार्रवाई के बाद शहर में हड़कंप की स्थिति रही। वहीं, अधिकारियों की ओर से स्पष्ट किया गया है कि नियमों का उल्लंघन करने वाले प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल रेस्टोरेंट को सील किए जाने के बाद आगे की कार्रवाई संबंधित विभागों की जांच और रिपोर्ट के आधार पर होने की संभावना है।





