पत्रकार मृत्युंजय सिंह को धमकी का आरोप, श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने जताई कड़ी नाराजगी
अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर बोले—पत्रकारों को धमकी देना उचित नहींको धमकाना लोकतांत्रिक व्यवस्था के लिए गंभीर चिंता का विषय


न्यूज विज़न। बक्सर
जिला मुख्यालय से प्रकाशित होने वाले प्रभात खबर के ब्यूरो चीफ पत्रकार मृत्युंजय सिंह को कथित रूप से धमकी दिए जाने का मामला सामने आया है। जानकारी के अनुसार, सामाजिक एवं आरटीआई कार्यकर्ता शिव प्रकाश राय द्वारा प्रदीप राय के खिलाफ दर्ज कराई गई प्राथमिकी से संबंधित खबर प्रकाशित होने के बाद मंगलवार की सुबह प्रदीप राय द्वारा पत्रकार मृत्युंजय सिंह को धमकी दिए जाने का आरोप है।
मामले की जानकारी मिलने के बाद श्रमजीवी पत्रकार यूनियन ने इस घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है। यूनियन के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर ने घटना की निंदा करते हुए कहा कि पत्रकार को धमकी देना बेहद गंभीर और निंदनीय कृत्य है।
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के सामने तथ्यों को रखने और जनहित से जुड़े मुद्दों को उठाने का कार्य करते हैं। समाचार प्रकाशित होने के बाद किसी पत्रकार को धमकी देना पत्रकारिता की स्वतंत्रता और लोकतांत्रिक मूल्यों के लिए चिंता का विषय है।
डॉ. शशांक शेखर ने कहा कि प्रदीप राय द्वारा पत्रकार मृत्युंजय सिंह को कथित रूप से दी गई धमकी की श्रमजीवी पत्रकार यूनियन कड़ी निंदा करता है।
यूनियन ने पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा इस तरह की घटनाओं पर गंभीरता से संज्ञान लेने की मांग की है। निंदा व्यक्त करने वाले पत्रकारों में शुभनारायण पाठक, मनोज सिंह, अजय सिंह, पंकज कमल, कुंदन ओझा, बजरंगी लाल, सुजीत कुमार, गुलशन सिंह, बासुकी पांडे समेत अन्य शामिल हैं।





