पूर्व सैनिकों ने दोहराया संगठन की मजबूती का संकल्प, नए सैन्य अधिकारी का हुआ भव्य नागरिक अभिनंदन
बक्सर में बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ की मासिक बैठक संपन्न, पेंशन समस्याओं और कल्याणकारी योजनाओं पर हुई विस्तृत चर्चा


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बिहार राज्य पूर्व सैनिक संघ, जिला इकाई बक्सर की मासिक बैठक रविवार, 6 सितंबर 2026 को फोर सीजन मैरिज हॉल स्थित संघ कार्यालय में गरिमामय माहौल में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता संघ के जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने की, जबकि मंच का संचालन जिला महासचिव मिथिलेश कुमार यादव ने किया। जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं अनुमंडलों से पहुंचे सैकड़ों पूर्व सैनिकों ने संगठन को और अधिक मजबूत एवं प्रभावी बनाने का संकल्प दोहराया।
बैठक से पहले संघ की ओर से दो प्रमुख सम्मान समारोह आयोजित किए गए। सुबह 5:15 बजे श्रमजीवी एक्सप्रेस से डुमरांव पहुंचे सेवानिवृत्त लेफ्टिनेंट बलजीत यादव का डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष एवं उनकी टीम ने बुके और फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। वहीं दोपहर 12 बजे हिमगिरि एक्सप्रेस से पहुंचे भारतीय सेना के नव-नियुक्त अधिकारी लेफ्टिनेंट विकास कुमार यादव का सदर अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह की टीम ने फूल-माला एवं अंगवस्त्र भेंट कर नागरिक अभिनंदन किया। लेफ्टिनेंट विकास कुमार यादव, सेवानिवृत्त सूबेदार मेजर मंगल सिंह यादव के पुत्र हैं और इटाढ़ी प्रखंड के बाकसरा गांव के निवासी हैं।
बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष सूबेदार मेजर रामनाथ सिंह ने संगठन की मजबूती, पूर्व सैनिकों के मान-सम्मान की रक्षा तथा उनके जायज अधिकारों को दिलाने पर जोर दिया। उन्होंने सभी सदस्यों से संगठन के प्रति निष्ठावान रहने और नेतृत्व पर विश्वास बनाए रखने की अपील की। डुमरांव अनुमंडल अध्यक्ष सेना मेडल सूबेदार मेजर हरिशंकर सिंह ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में संगठन विस्तार के प्रति पूर्ण विश्वास जताया। वहीं सदर अनुमंडल अध्यक्ष सूबेदार मेजर जितेंद्र प्रसाद सिंह ने संघ की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि बक्सर में सीएसडी कैंटीन, ईसीएचएस पॉलीक्लिनिक और जिला सैनिक कल्याण केंद्र जैसी सुविधाओं के सुचारू संचालन में जिला अध्यक्ष का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
बैठक में पेंशन डायरेक्टर राजबली यादव ने पूर्व सैनिकों एवं उनके आश्रितों को मिलने वाले लाभों की जानकारी दी। उन्होंने पेंशन संबंधी तकनीकी समस्याओं, डिजिटल लाइफ सर्टिफिकेट और अन्य प्रशासनिक अड़चनों के समाधान के व्यावहारिक उपाय बताए। इस दौरान छह नए पूर्व सैनिकों—लेफ्टिनेंट रमाशंकर सिंह, लेफ्टिनेंट जनार्दन सिंह, सूबेदार महेंद्र सिंह, नायब सूबेदार कुलेश्वर यादव, सूबेदार लक्ष्मण यादव एवं हवलदार सूरज बली चौधरी को संघ की प्राथमिक सदस्यता दिलाई गई। वहीं नायब सूबेदार हरे कृष्ण पाल के घर नाती के जन्म पर संघ की ओर से उपहार एवं आशीर्वाद भेंट किया गया।
कार्यक्रम के अंत में अमर शहीदों की स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इसके बाद राष्ट्रगान, ‘भारत माता की जय’ और ‘पूर्व सैनिक संघ जिंदाबाद’ के नारों से पूरा परिसर गूंज उठा। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों के अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं सैकड़ों पूर्व सैनिक मौजूद रहे।





