CRIME

नथुनी अहीर के डेरा स्कूल कुकर्म मामले में बड़ी कार्रवाई, मुख्य आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद गिरफ्तार

भागने की कोशिश के दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन से पुलिस ने दबोचा, दो आरोपी पहले ही जा चुके हैं जेल; पूछताछ में खुल सकते हैं कई राज

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
जिले के डुमरांव प्रखंड अंतर्गत नथुनी अहीर के डेरा स्थित मध्य विद्यालय में छात्राओं से कुकर्म के गंभीर मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मामले के तीसरे और मुख्य आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आरोपी को भागने की कोशिश के दौरान बक्सर रेलवे स्टेशन से पकड़ा गया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस उससे पूछताछ कर रही है और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच में जुटी है।

 

पुलिस के मुताबिक, एसपी शुभम आर्य के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही थी। पुलिस टीम संभावित ठिकानों पर नजर बनाए हुए थी। इसी दौरान आरोपी के बक्सर रेलवे स्टेशन पहुंचने की सूचना मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने स्टेशन पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर घटना से जुड़े तथ्यों और पूरे घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

 

दो आरोपी पहले ही हो चुके हैं गिरफ्तार

इस मामले में पुलिस इससे पहले विद्यालय के प्रधानाचार्य मो. इमाम अली और शिक्षक अरविंद कुमार को गिरफ्तार कर चुकी है। दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जा चुका है। अब मुख्य आरोपी शिक्षक बीरेंद्र प्रसाद की गिरफ्तारी के बाद पुलिस की कार्रवाई और तेज हो गई है। पुलिस आरोपी से यह जानने का प्रयास कर रही है कि घटना में उसकी क्या भूमिका थी और मामले से जुड़े अन्य लोगों की संलिप्तता अथवा किसी अन्य महत्वपूर्ण तथ्य की जानकारी उसे है या नहीं। हालांकि, पूछताछ के आधार पर सामने आने वाले तथ्यों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी।

ग्रामीणों में भी आक्रोश

घटना की जानकारी सामने आने के बाद आरोपी शिक्षक के गांव और आसपास के लोगों में भी नाराजगी बताई जा रही है। ग्रामीणों ने आरोपी के कथित कृत्य की निंदा करते हुए उसके खिलाफ कठोर कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले ने विद्यालयों में छात्राओं की सुरक्षा और शिक्षकों की जवाबदेही को लेकर भी गंभीर सवाल खड़े किए हैं।

शिक्षा विभाग ने भी बढ़ाई सख्ती

नथुनी अहीर के डेरा विद्यालय की घटना के बाद शिक्षा विभाग ने जिले के विद्यालयों में अनुशासन और छात्र-छात्राओं की सुरक्षा को लेकर कार्रवाई तेज कर दी है। इसी क्रम में ब्रह्मपुर के गरहथा कला मध्य विद्यालय में छात्रा से कंधे की मालिश कराने के आरोप समेत अन्य अनियमितताओं के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक सहित चार शिक्षकों को निलंबित किया गया। वहीं, बक्सर के आचार्य नरेंद्र देव मध्य विद्यालय में छात्राओं की शिकायत के बाद प्रधानाध्यापिका पर भी निलंबन की कार्रवाई की गई। इसके अलावा चौसा के बालिका मध्य विद्यालय रामपुर में बच्चों के साथ मारपीट का वीडियो वायरल होने के मामले में प्रभारी प्रधानाध्यापक विपिन कुमार को भी निलंबित किया गया।

लगातार सामने आ रहे मामलों और शिक्षा विभाग की त्वरित कार्रवाई के बीच नथुनी अहीर के डेरा कुकर्म मामले में मुख्य आरोपी शिक्षक की गिरफ्तारी को पुलिस के लिए महत्वपूर्ण सफलता माना जा रहा है। अब पुलिस की पूछताछ और जांच से घटना से जुड़े अन्य तथ्यों के सामने आने की उम्मीद है। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई पुलिस की जांच और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर की जाएगी।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button