OTHERS

नगर परिषद की अनदेखी से जनसमस्याएं गंभीर, आप जिलाध्यक्ष रमेश वर्मा ने उठाई आवाज

ठठेरी बाजार-सिंडिकेट गोलंबर पर जलजमाव, अग्रवाल मेडिकल स्टोर के पास कचरे का अंबार और तुरहा टोली में जाम से लोग परेशान; तत्काल समाधान की मांग

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर नगर परिषद क्षेत्र में व्याप्त गंभीर जनसमस्याओं को लेकर चिंता जताई है। उन्होंने आरोप लगाया कि नगर परिषद की ओर से समस्याओं के समाधान और साफ-सफाई पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिए जाने के कारण शहरवासियों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

 

रमेश वर्मा ने कहा कि ठठेरी बाजार से सिंडिकेट गोलंबर के बीच मुख्य मार्ग पर हल्की बारिश में भी भारी जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। मुख्य मार्ग से जुड़ी नालियों की उचित सफाई नहीं होने के कारण महज पांच मिनट की बारिश के बाद ही सड़क पर पानी जमा हो जाता है। इससे राहगीरों, व्यापारियों, मरीजों और स्थानीय लोगों का आवागमन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। जलजमाव के कारण लोगों को सड़क से गुजरने में काफी परेशानी होती है और यातायात भी प्रभावित होता है। उन्होंने अग्रवाल मेडिकल स्टोर के सामने कचरे के अंबार का भी मुद्दा उठाया। रमेश वर्मा ने कहा कि यहां लंबे समय से बदबूदार कचरा जमा होने के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो रहा है। उठती दुर्गंध से मरीजों, उनके परिजनों और आम लोगों को काफी परेशानी हो रही है। उन्होंने आशंका जताई कि लंबे समय तक कचरा जमा रहने से संक्रामक बीमारियों के फैलने का खतरा भी बढ़ सकता है।

 

वहीं, तुरहा टोली मार्ग पर लगने वाले भीषण जाम को लेकर भी उन्होंने नगर परिषद और संबंधित प्रशासन से आवश्यक कदम उठाने की मांग की। उन्होंने कहा कि इस मार्ग पर सुचारू यातायात प्रबंधन नहीं होने के कारण प्रतिदिन जाम की स्थिति बनी रहती है। इससे आम लोगों का समय बर्बाद होने के साथ-साथ आपातकालीन वाहनों के आवागमन में भी परेशानी उत्पन्न होने की आशंका रहती है।

तत्काल कार्रवाई की मांग
आप जिला अध्यक्ष रमेश वर्मा ने नगर परिषद से मांग की कि ठठेरी बाजार से सिंडिकेट गोलंबर तक मुख्य मार्ग और नालियों की तत्काल विशेष सफाई कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान जलजमाव की समस्या से लोगों को राहत मिल सके। इसके साथ ही अग्रवाल मेडिकल स्टोर के पास जमा कचरे को तत्काल उठवाकर नियमित एवं प्रभावी सफाई सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने तुरहा टोली मार्ग को जाम मुक्त कराने के लिए भी आवश्यक यातायात प्रबंधन और अन्य जरूरी कदम उठाने की अपील की। रमेश वर्मा ने कहा कि नगर परिषद को इन समस्याओं को गंभीरता से लेते हुए जनहित में इनका अति शीघ्र स्थायी समाधान करना चाहिए, ताकि शहरवासियों को राहत मिल सके।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button