सदर अस्पताल के चिकित्सक डॉ. राम कुमार गुप्ता का आकस्मिक निधन, स्वास्थ्य महकमे में शोक की लहर
पुराने सदर अस्पताल से लेकर नए अस्पताल तक लंबे समय तक दी सेवाएं, उपाधीक्षक के पद पर भी रहे कार्यरत; सहकर्मियों ने शोकसभा में दी श्रद्धांजलि


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर सदर अस्पताल में लंबे समय से अपनी सेवाएं दे रहे वरिष्ठ चिकित्सक डॉ. राम कुमार गुप्ता का सोमवार को आकस्मिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही सदर अस्पताल के चिकित्सकों, स्वास्थ्यकर्मियों और कर्मचारियों के बीच शोक की लहर दौड़ गई। उनके सहकर्मियों ने डॉ. गुप्ता के निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए उन्हें एक कर्मठ और समर्पित चिकित्सक के रूप में याद किया।
बताया गया कि डॉ. राम कुमार गुप्ता पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे और उनका इलाज पटना में चल रहा था। सोमवार की सुबह उनके निधन की सूचना सदर अस्पताल प्रशासन एवं कर्मियों को मिली। निधन की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में शोक का माहौल कायम हो गया।
पुराने सदर अस्पताल में भी दी थी सेवाएं
सदर अस्पताल से मिली जानकारी के अनुसार डॉ. राम कुमार गुप्ता काफी वर्षों से जिला मुख्यालय में चिकित्सा सेवा से जुड़े हुए थे। नया सदर अस्पताल भवन बनने से पहले वे पुराने सदर अस्पताल में भी अपनी सेवाएं दे चुके थे। लंबे समय तक बक्सर में कार्यरत रहने के कारण अस्पताल के चिकित्सकों और कर्मचारियों के साथ उनका गहरा जुड़ाव था। डॉ. गुप्ता सदर अस्पताल में उपाधीक्षक के पद पर भी अपनी जिम्मेदारी निभा चुके थे। अस्पताल प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग में उनके लंबे अनुभव एवं सेवाओं को सहकर्मियों ने याद किया।
सदर अस्पताल परिसर में आयोजित हुई शोकसभा
डॉ. राम कुमार गुप्ता के निधन पर सोमवार दोपहर सदर अस्पताल परिसर में शोकसभा का आयोजन किया गया। सिविल सर्जन डॉ. शिव कुमार प्रसाद चक्रवर्ती के नेतृत्व में आयोजित शोकसभा में चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों ने दिवंगत चिकित्सक को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान सभी ने डॉ. गुप्ता की आत्मा की शांति के लिए दो मिनट का मौन धारण किया और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त की। शोकसभा में डॉ. नमिता सिंह, डॉ. अमलेश कुमार, डॉ. एससी मिश्रा, सदर अस्पताल प्रबंधक दुष्यंत सिंह, लिपिक गुंजन कुमार समेत सदर अस्पताल के सभी चिकित्सक एवं स्वास्थ्यकर्मी मौजूद रहे।
सहकर्मियों ने जताया गहरा दुख
सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. अमलेश कुमार ने बताया कि डॉ. राम कुमार गुप्ता पिछले कुछ दिनों से बीमार चल रहे थे और पटना में उनका इलाज कराया जा रहा था। सोमवार की सुबह उनके निधन की जानकारी मिली। उनके निधन से अस्पताल परिवार ने एक अनुभवी चिकित्सक और अपने सहयोगी को खो दिया है। डॉ. गुप्ता के आकस्मिक निधन से बक्सर के चिकित्सा जगत में भी शोक का माहौल है। लंबे समय तक जिला मुख्यालय में सेवा देने वाले डॉ. गुप्ता की सेवाओं को उनके सहकर्मी और अस्पतालकर्मी लंबे समय तक याद रखेंगे।





