भीषण गर्मी में बिना सूचना ट्रांसफार्मर उठाने पर भड़का जनाक्रोश, बिजली दफ्तर घेरकर सड़क जाम
गायत्री नगर में रातभर बिजली-पानी के लिए तरसे लोग, सुबह सड़क पर उतरे मोहल्लेवासी; हंगामे के बाद विभाग ने ट्रांसफार्मर भेजने का दिया आश्वासन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शहर के वार्ड नंबर 6 स्थित गायत्री नगर मोहल्ले में भीषण गर्मी के बीच बिजली विभाग की कार्यशैली को लेकर रविवार की सुबह लोगों का आक्रोश फूट पड़ा। शनिवार दोपहर बिना किसी पूर्व सूचना के चालू ट्रांसफार्मर उतारकर ले जाने के बाद मोहल्ले की बिजली आपूर्ति पूरी तरह ठप हो गई। रातभर बिजली और पानी की समस्या झेलने के बाद रविवार सुबह बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी बिजली विभाग के कार्यालय के सामने पहुंच गए और मुख्य सड़क को जाम कर प्रदर्शन शुरू कर दिया।
चालू ट्रांसफार्मर उतारकर ले गई टीम
स्थानीय निवासियों के अनुसार, गायत्री नगर में लगा ट्रांसफार्मर पहले से सुचारू रूप से काम कर रहा था। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे बिजली विभाग की टीम वहां पहुंची और चालू ट्रांसफार्मर को उतारकर अपने साथ ले गई। ट्रांसफार्मर हटाए जाने के बाद पूरे मोहल्ले की बिजली आपूर्ति बंद हो गई। लोगों को उम्मीद थी कि विभाग तत्काल वैकल्पिक व्यवस्था करते हुए नया ट्रांसफार्मर लगा देगा, लेकिन शनिवार की पूरी रात बीत जाने के बावजूद बिजली बहाल नहीं हो सकी। भीषण गर्मी और उमस के बीच बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। बिजली नहीं रहने के कारण घरों में पानी की समस्या भी उत्पन्न हो गई।
सुबह 9 बजे तक बिजली नहीं आई तो सड़क पर उतरे लोग
रविवार सुबह करीब 9 बजे तक जब नया ट्रांसफार्मर नहीं लगाया गया तो लोगों का धैर्य जवाब दे गया। बड़ी संख्या में मोहल्लेवासी बिजली विभाग के कार्यालय के सामने पहुंच गए और मुख्य सड़क पर जाम लगाकर प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन के दौरान लोगों ने बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। सड़क जाम होने के कारण आवागमन बाधित हो गया और सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। प्रदर्शन में महिलाएं और बुजुर्ग भी शामिल रहे।
‘ट्रांसफार्मर हटाना था तो पहले सूचना देनी चाहिए थी’
मोहल्ले के निवासी अधिवक्ता शुभम उपाध्याय ने कहा कि यदि विभाग को ट्रांसफार्मर हटाना ही था तो स्थानीय लोगों को पहले इसकी सूचना देनी चाहिए थी, ताकि लोग भीषण गर्मी के बीच अपनी व्यवस्था कर सकें। उन्होंने कहा कि विभाग ने बिना किसी सूचना के अचानक ट्रांसफार्मर हटवा दिया, जिससे पूरी रात लोगों को परेशान होना पड़ा। उन्होंने बताया कि बिजली नहीं रहने से घरों में पानी तक की समस्या उत्पन्न हो गई। लोगों का कहना है कि गर्मी के इस मौसम में बिना वैकल्पिक व्यवस्था किए चालू ट्रांसफार्मर हटाना विभाग की गंभीर लापरवाही है।
हंगामे के बाद हरकत में आया विभाग
सड़क जाम और प्रदर्शन की सूचना मिलने के बाद बिजली विभाग हरकत में आया। विभाग की ओर से आनन-फानन में ट्रांसफार्मर भेजकर बिजली आपूर्ति बहाल कराने का आश्वासन दिया गया। अधिकारियों के समझाने-बुझाने के बाद प्रदर्शनकारी शांत हुए और सड़क पर यातायात बहाल हो सका। स्थानीय लोगों ने स्पष्ट किया कि भविष्य में बिजली संबंधी किसी भी कार्य के दौरान विभाग को पहले से सूचना देने और वैकल्पिक व्यवस्था सुनिश्चित करने की जरूरत है, ताकि आम लोगों को इस तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।
वीडियो देखें :





