CRIME

वारंटी पकड़ने गई पुलिस टीम पर हमला, सब इंस्पेक्टर का हाथ टूटा; इलाके में भारी पुलिस बल तैनात

फायरिंग मामले के फरार आरोपी सोनू यादव की गिरफ्तारी के दौरान छतों से पत्थर और लाठी-डंडों से हमला, दो पुलिसकर्मी घायल; कई लोगों को हिरासत में लेकर लगातार छापेमारी जारी

न्यूज़ विज़न। बक्सर 
बक्सर नगर थाना क्षेत्र के बुधनपुरवा मोहल्ले में बुधवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे वारंटी की गिरफ्तारी के लिए पहुंची नगर थाना पुलिस की टीम पर आरोपित के परिजनों और समर्थकों ने अचानक हमला कर दिया। इस हमले में नगर थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर अजय कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एएसआई धीरज कुमार को भी चोटें आई हैं। घटना के बाद पूरे पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

 

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार, नगर थाना पुलिस फायरिंग के एक मामले में फरार चल रहे वारंटी सोनू यादव (पिता- ललन यादव) को न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर गिरफ्तार करने बुधनपुरवा मोहल्ले पहुंची थी। पुलिस टीम जैसे ही कार्रवाई करने लगी, तभी आरोप है कि घर के लोगों और अन्य मौजूद व्यक्तियों ने पुलिस का विरोध शुरू कर दिया। देखते ही देखते पुलिस टीम पर छतों से पत्थर बरसाए जाने लगे और लाठी-डंडों से हमला कर दिया गया। अचानक हुए हमले में पुलिसकर्मियों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हमले में सब इंस्पेक्टर धीरज कुमार का हाथ टूट गया, जबकि एएसआई अजय कुमार भी घायल हो गए। किसी तरह पुलिसकर्मी वहां से निकलकर सदर अस्पताल पहुंचे, जहां दोनों का प्राथमिक उपचार किया गया। चिकित्सकों ने अजय कुमार की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया, जबकि एएसआई धीरज कुमार का इलाज सदर अस्पताल में जारी है।

 

बताया जा रहा है कि आरोपित सोनू यादव का नाम पूर्व में भी नगर परिषद द्वारा अहिरौली में कराए जा रहे गली निर्माण कार्य के दौरान विरोध और फायरिंग की घटना में सामने आया था। नगर परिषद के सूत्रों के अनुसार, वह अपने एक रिश्तेदार के साथ नगर परिषद के ठेकेदार का कार्य भी करता है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का जायजा लिया। पुलिस ने घर में मौजूद कुछ युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। साथ ही पूरे इलाके में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती कर हमले में शामिल अन्य आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।

नगर थानाध्यक्ष मनोज कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि फायरिंग मामले के एक वारंटी की गिरफ्तारी के दौरान पुलिस टीम पर हमला किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। उन्होंने कहा कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा हमलावरों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था से खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button