IESM का भव्य मीडिया सम्मान समारोह, पूर्व सैनिकों ने पत्रकारों और मानवता की मिसाल बने ई-रिक्शा चालक को किया सम्मानित
करीब 200 पूर्व सैनिकों और वीरांगनाओं की मौजूदगी में आयोजित समारोह में पत्रकारों को बताया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ, ई-रिक्शा चालक अर्जुन राम की सेवा भावना को किया गया विशेष सम्मान


न्यूज़ विज़न। बक्सर
रविवार को बिहार राज्य इंडियन एक्स सर्विसमैन मूवमेंट (आईईएसएम) बक्सर की ओर से सैनिक कार्यालय, मां मुंडेश्वरी अस्पताल परिसर में भव्य मीडिया सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता आईईएसएम हेल्थ केयर शाहाबाद के अध्यक्ष डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय तथा जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने संयुक्त रूप से की। कार्यक्रम का संचालन जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने किया। समारोह में जिले के सभी प्रखंडों से आए लगभग 200 पूर्व सैनिकों, वीरांगनाओं तथा बड़ी संख्या में प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के पत्रकारों ने भाग लिया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद उपस्थित सभी पत्रकारों को माल्यार्पण, अंगवस्त्र और उपहार भेंट कर सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर डॉ. मेजर पी. के. पाण्डेय ने मीडिया कर्मियों के कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि मीडिया लोकतंत्र का चौथा स्तंभ है, जो समाज की दबे-कुचले लोगों की आवाज को प्रमुखता से उठाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि पत्रकार जोखिम भरे माहौल में रहकर निष्पक्ष पत्रकारिता करते हैं, इसलिए उनका सम्मान समाज का दायित्व है। जिलाध्यक्ष सूबेदार हरेंद्र तिवारी ने कहा कि आईईएसएम द्वारा मीडिया सम्मान समारोह प्रत्येक वर्ष इसी उत्साह और गरिमा के साथ आयोजित किया जाएगा, क्योंकि समाज में सकारात्मक कार्य करने वाले लोगों को सम्मान देना समय की आवश्यकता है। वहीं जिला उपाध्यक्ष सूबेदार विद्यासागर चौबे ने कहा कि मीडिया समाज को आईना दिखाने का कार्य करती है। पत्रकार दिन-रात अपनी जान जोखिम में डालकर खबरें जनता तक पहुंचाते हैं। उन्होंने सरकार से मांग करते हुए कहा कि पत्रकारों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कम से कम 50 लाख रुपये का जीवन बीमा उपलब्ध कराया जाना चाहिए।
मानवता की मिसाल बने ई-रिक्शा चालक अर्जुन राम का हुआ विशेष सम्मान
समारोह का सबसे भावुक क्षण तब आया जब हुकहा गांव निवासी ई-रिक्शा चालक अर्जुन राम को उनकी मानवता और सेवा भावना के लिए विशेष रूप से सम्मानित किया गया। अर्जुन राम ने पश्चिम बंगाल के रहने वाले सीआरपीएफ जवान जयंत कुमार की तबीयत अचानक खराब होने पर उन्हें तत्काल सदर अस्पताल पहुंचाया था और लगातार तीन दिनों तक उनकी सेवा की थी। इस दौरान उन्होंने अपनी रोजी-रोटी की परवाह किए बिना जवान की देखभाल की। उनके इस मानवीय कार्य के लिए उन्हें अंगवस्त्र, घड़ी, कलम, माल्यार्पण तथा 3,400 रुपये की सम्मान राशि देकर सम्मानित किया गया।
पत्रकारों ने जताया आभार
मीडिया की ओर से वरिष्ठ पत्रकार एवं पत्रकार संघ के अध्यक्ष डॉ. शशांक शेखर ने आईईएसएम का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस प्रकार के सम्मान समारोह समाज में सकारात्मक संदेश देते हैं और दूसरों को भी अच्छे कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। कार्यक्रम के अंत में भारत माता की जय, वंदे मातरम् और आईईएसएम बक्सर जिंदाबाद के गगनभेदी नारों से पूरा सभागार गूंज उठा। अंत में सभापति कैप्टन बी.एन. पाण्डेय ने सभी अतिथियों, पत्रकारों और पूर्व सैनिकों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए समारोह की समाप्ति की घोषणा की।
समारोह में वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शशांक शेखर, अरविंद तिवारी, पंकज कमल, सुंदर लाल, संजय उपाध्याय, आलोक कुमार, मनीष मिश्रा, विकास विद्यार्थी, गुलशन कुमार, राकेश, विश्वभर मिश्रा, प्रतिमा भारद्वाज, कुंदन पाण्डेय सहित बड़ी संख्या में पत्रकार उपस्थित रहे। वहीं आईईएसएम की ओर से सूबेदार मेजर द्वारिका पाण्डेय, लेफ्टिनेंट आर.बी. ओझा, कैप्टन श्रीनिवास सिंह, कैप्टन श्रीकांत उपाध्याय, सूबेदार मेजर आर.बी. सिंह, पेटी ऑफिसर सुरेंद्र सिंह, कैप्टन संजय पाठक, कैप्टन आर.सी. पाल, भरत मिश्रा, धनंजय दुबे, राम इकबाल सिंह, राधाकृष्ण सिंह, अलख नारायण श्रीवास्तव, सूबेदार आई.डी. सिंह, सूबेदार जंग बहादुर सिंह, सीताराम साहू, विनीत राय, अशोक उपाध्याय, राजेंद्र चौबे, एच.एन. सिंह, सिमरी प्रखंड अध्यक्ष नायक शशिभूषण ओझा, राजपुर प्रखंड अध्यक्ष चंद्रजीत सिंह सहित जिले भर के सैकड़ों पूर्व सैनिक एवं वीरांगनाएं मौजूद रहीं।





