17 जुलाई को निकलेगी बक्सर में भगवान जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा, तैयारी को लेकर इस्कॉन मंदिर समिति की अहम बैठक
गोलंबर हनुमान मंदिर से शुरू होकर गोयल धर्मशाला तक पहुंचेगी रथ यात्रा, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और यातायात व्यवस्था पर बनी विस्तृत रणनीति


न्यूज़ विज़न। बक्सर
आगामी श्री जगन्नाथ रथ यात्रा महोत्सव के सफल, भव्य एवं सुव्यवस्थित आयोजन को लेकर पड़री स्थित इस्कॉन मंदिर प्रबंधकारिणी समिति की एक महत्वपूर्ण बैठक गोयल धर्मशाला में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता इस्कॉन मंदिर, पड़री, बक्सर के प्रबंधक राजा गोविंद दास ने की, जबकि संचालन शिक्षाविद् सह समाजसेवी एवं समिति के सदस्य डॉ. रमेश कुमार ने किया।
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि 17 जुलाई (शुक्रवार) को भगवान श्री जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की पावन रथ यात्रा श्रद्धा, भक्ति और उत्साह के साथ निकाली जाएगी। आयोजन समिति ने बताया कि इस वर्ष की रथ यात्रा पिछले वर्ष की तुलना में अधिक भव्य और आकर्षक होगी। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार रथ यात्रा का शुभारंभ बक्सर गोलंबर स्थित हनुमान मंदिर से होगा। इसके बाद रथ यात्रा नगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए गोयल धर्मशाला पहुंचेगी, जहां धार्मिक कार्यक्रमों के साथ इसका समापन होगा। इस दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना को देखते हुए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। बैठक में रथ यात्रा के सफल आयोजन को लेकर मार्ग निर्धारण, श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, पेयजल, चिकित्सा सहायता, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। समिति के सदस्यों ने संबंधित सभी व्यवस्थाओं को समय पर पूरा करने का संकल्प लिया।
महोत्सव के संरक्षक रोहतास गोयल एवं बबन सिंह ने कहा कि श्री जगन्नाथ रथ यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता, सांस्कृतिक एकता और भाईचारे का भी प्रतीक है। उन्होंने नगरवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर महोत्सव को ऐतिहासिक और सफल बनाने का आह्वान किया। समिति ने जानकारी दी कि रथ यात्रा महोत्सव में बक्सर के विभिन्न मठ-मंदिरों के महंत एवं पुजारियों के अलावा जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों, समाजसेवियों, शिक्षाविदों तथा विभिन्न क्षेत्रों के गणमान्य नागरिकों को आमंत्रित किया जाएगा। बैठक में प्रमुख रूप से ओंकार दास, शैलेन्द्र सिंह, विकास यादव, रंजीत कुमार, आकाश कुमार, संतोष कुमार, प्रेम प्रकाश ओझा, जितेन्द्र मिश्रा एवं राहुल कुमार सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे। समिति ने नगरवासियों से इस धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन में बढ़-चढ़कर भाग लेने तथा सहयोग प्रदान करने की अपील की।





