OTHERS

JEE Advanced 2026 में बक्सर के छात्रों का परचम : कैंब्रिज स्कूल के तीन छात्रों ने IIT में बनाई जगह

आदर्श, रियार्थ और अंश की शानदार सफलता से जिले में खुशी की लहर, विद्यालय परिवार ने जताया गर्व

न्यूज़ विज़न।  बक्सर
देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षाओं में शामिल जेईई एडवांस 2026 का परिणाम सोमवार को घोषित कर दिया गया। इस परीक्षा में कैंब्रिज सीनियर सेकेंडरी स्कूल, बक्सर के तीन प्रतिभाशाली छात्रों ने शानदार सफलता हासिल कर न केवल अपने विद्यालय बल्कि पूरे बक्सर जिले का नाम रोशन किया है।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार विद्यालय के छात्र आदर्श उपाध्याय ने ऑल इंडिया रैंक 5011, रियार्थ रचित ने 5040 रैंक तथा अंश कुमार त्रिपाठी ने 5873 रैंक प्राप्त कर देश के प्रतिष्ठित आईआईटी बी.टेक. पाठ्यक्रम में प्रवेश का मार्ग प्रशस्त किया है। तीनों छात्रों की इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार समेत पूरे जिले में हर्ष और गौरव का माहौल है। गौरतलब है कि जेईई एडवांस परीक्षा में शामिल होने के लिए पहले छात्रों को जेईई मेन्स परीक्षा उत्तीर्ण करनी होती है। इसके बाद देशभर के चुनिंदा मेधावी छात्र ही जेईई एडवांस में शामिल होते हैं। ऐसे में इस कठिन परीक्षा में सफलता प्राप्त करना किसी भी छात्र के लिए बड़ी उपलब्धि मानी जाती है।

 

विद्यालय के निदेशक डॉ. मोहन चौबे ने सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनके कठिन परिश्रम, अनुशासन और लक्ष्य के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने कहा कि तीनों छात्र विद्यालय में अध्ययन काल के दौरान भी अपनी मेधा और लगन के लिए पहचाने जाते रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि ये छात्र भविष्य में भी उच्च तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर बक्सर और बिहार का नाम राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे। छात्रों की इस सफलता पर विद्यालय के एग्जीक्यूटिव प्राचार्य बी.एस. राव, प्राचार्य एम.के. चौबे, उप प्राचार्य कृष्ण कांत ओझा, धर्मवीर दुबे सहित विद्यालय के सभी शिक्षकों एवं कर्मचारियों ने उन्हें शुभकामनाएं दीं तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बक्सर के लिए गौरव का क्षण
एक साथ तीन छात्रों का देश के शीर्ष तकनीकी संस्थानों में चयन होना बक्सर की शैक्षणिक प्रतिभा का प्रमाण है। आदर्श, रियार्थ और अंश ने यह साबित कर दिया है कि सीमित संसाधनों के बावजूद लगन, मेहनत और सही मार्गदर्शन से राष्ट्रीय स्तर पर सफलता हासिल की जा सकती है। उनकी इस उपलब्धि ने जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का नया अध्याय लिखा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button