पटना-बक्सर फोरलेन पर बेलगाम ट्रकों से बढ़ा खतरा, एनएसयूआई प्रदेश सचिव अभिषेक मिश्रा ने डीएम से की हस्तक्षेप की मांग
भारी वाहनों की अव्यवस्थित आवाजाही से जाम और दुर्घटनाओं की आशंका बढ़ी, एक लेन व्यवस्था लागू करने व नियम तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई की मांग


न्यूज़ विज़न। बक्सर
एनएसयूआई के प्रदेश सचिव एवं पटना विश्वविद्यालय के विधि (लॉ) के छात्र तथा बक्सर जिले के सिमरी निवासी अभिषेक मिश्रा ने जिलाधिकारी को पत्र सौंपकर पटना-बक्सर फोरलेन मार्ग पर भारी वाहनों के अव्यवस्थित परिचालन से उत्पन्न यातायात समस्या और संभावित दुर्घटनाओं को लेकर गंभीर चिंता व्यक्त की है। उन्होंने जनहित में तत्काल प्रभाव से यातायात व्यवस्था को नियंत्रित करने की मांग की है।
जिलाधिकारी को दिए गए आवेदन में अभिषेक मिश्रा ने बताया कि भोजपुर से बक्सर आने के दौरान फोरलेन मार्ग पर बड़ी संख्या में भारी ट्रक एवं मालवाहक वाहन सड़क की कई लेनों पर अनियंत्रित तरीके से संचालित हो रहे हैं। ट्रकों की लंबी कतारें तथा अचानक लेन बदलने की प्रवृत्ति के कारण आम नागरिकों, छात्र-छात्राओं, बाइक सवारों और चार पहिया वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कई बार स्थिति इतनी गंभीर हो जाती है कि बक्सर शहर में प्रवेश करना भी बेहद कठिन हो जाता है। सड़क पर भारी वाहनों की मनमानी आवाजाही न केवल यातायात को प्रभावित कर रही है, बल्कि किसी बड़ी सड़क दुर्घटना को भी आमंत्रित कर रही है। ऐसे में समय रहते प्रभावी कदम उठाना अत्यंत आवश्यक है।
अभिषेक मिश्रा ने जिलाधिकारी से मांग की है कि सड़क सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए भारी वाहनों के लिए एक निर्धारित लेन की व्यवस्था तत्काल लागू की जाए। साथ ही निर्धारित नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। उन्होंने यह भी सुझाव दिया कि बार-बार यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों के ड्राइविंग लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाए तथा संबंधित मार्ग पर ट्रैफिक पुलिस की तैनाती और निगरानी व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए।
अभिषेक मिश्रा ने कहा कि यदि समय रहते प्रशासन द्वारा आवश्यक कदम नहीं उठाए गए तो भविष्य में किसी बड़े हादसे से इनकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने जिला प्रशासन से आम लोगों की सुरक्षा और सुविधा को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र कार्रवाई करने की अपील की है।





