OTHERS

तालाब में डूबने से 12 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत, गांव में पसरा मातम

दोस्तों के साथ नहाने गया था अर्जुन, गहरे पानी में जाने से हुआ हादसा; हैदराबाद से गांव लौट रहे पिता

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
क्सर जिले के मुरार थाना क्षेत्र अंतर्गत वीरपुर गांव में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे में 12 वर्षीय किशोर की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई, जबकि मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक की पहचान वीरपुर निवासी गुड्डु यादव के पुत्र अर्जुन यादव के रूप में हुई है। अर्जुन के पिता हैदराबाद में मजदूरी का काम करते हैं। बेटे की मौत की सूचना मिलते ही वह गांव के लिए रवाना हो गए।

 

प्राप्त जानकारी के अनुसार अर्जुन बुधवार की सुबह करीब साढ़े नौ बजे अपने कुछ दोस्तों के साथ गांव के तालाब में नहाने गया था। सभी बच्चे तालाब में स्नान कर रहे थे। इसी दौरान अर्जुन अचानक गहरे पानी में चला गया। पानी अधिक होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूब गया। बताया जाता है कि उसके साथ मौजूद दोस्तों को इस घटना की भनक तक नहीं लगी। सभी बच्चे नहाने के बाद अपने-अपने घर लौट गए। काफी देर तक जब अर्जुन घर नहीं पहुंचा तो परिजनों की चिंता बढ़ गई। इसके बाद परिवार के लोगों ने उसकी खोजबीन शुरू की।

 

इसी दौरान गांव के कुछ लोगों ने आशंका जताई कि अर्जुन तालाब में डूब गया हो सकता है। सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण तालाब के पास जुट गए। स्थानीय गोताखोरों को बुलाकर तलाश अभियान शुरू किया गया। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद गोताखोरों ने तालाब के गहरे हिस्से से अर्जुन का शव बाहर निकाला। शव बाहर निकलते ही मौके पर चीख-पुकार मच गई। परिजन और ग्रामीण आनन-फानन में उसे लेकर चौगाईं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे, जहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मितेन्द्र कुमार ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। ग्रामीणों ने प्रशासन से तालाबों के किनारे सुरक्षा व्यवस्था और बच्चों की निगरानी को लेकर आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button