बक्सर में पांच मंजिला कुशवाहा भवन निर्माण में आयी तेजी
छात्रों, अतिथियों और सामाजिक आयोजनों के लिए आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा भवन


न्यूज़ विज़न। बक्सर
बक्सर शहर के चरित्रवन स्थित निर्माणाधीन कुशवाहा भवन का कार्य अब तेज गति से आगे बढ़ रहा है। कुशवाहा महासंघ भवन ट्रस्ट के तत्वावधान में बन रहे इस बहुउद्देश्यीय भवन को समाज के शैक्षणिक, सामाजिक और सांस्कृतिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल माना जा रहा है।
इस संबंध में जानकारी देते हुए बक्सर जिला कुशवाहा महासंघ के अध्यक्ष अभिमन्यु कुशवाहा ने बताया कि पांच मंजिला बनने वाला यह कुशवाहा भवन आधुनिक सुविधाओं से पूर्ण रूप से सुसज्जित होगा। भवन में अतिथि गृह, महासंघ कार्यालय, कॉन्फ्रेंस हॉल तथा समाज के विभिन्न कार्यक्रमों के आयोजन की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने बताया कि समाज के छात्र-छात्राओं को बेहतर शैक्षणिक माहौल उपलब्ध कराने के उद्देश्य से लगभग 300 विद्यार्थियों के रहने और अध्ययन की विशेष व्यवस्था की जाएगी। इसके अलावा भवन परिसर में पार्किंग सुविधा भी उपलब्ध रहेगी, जिससे बाहर से आने वाले लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
निर्माण कार्य के प्रथम चरण में पायलिंग का कार्य सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। वहीं दूसरे चरण के तहत बुधवार को बोरिंग का कार्य तेजी से जारी रहा, जो अगले एक से दो दिनों में पूर्ण होने की संभावना है। निर्माण कार्य की देखरेख अविनाश कुशवाहा द्वारा की जा रही है। मौके पर महासंघ के कई पदाधिकारी एवं समाजसेवी उपस्थित रहे और निर्माण कार्य का जायजा लिया। समाज के लोगों का मानना है कि यह भवन आने वाले समय में शिक्षा, संगठन और सामाजिक एकता का बड़ा केंद्र बनेगा। इससे न केवल छात्रों को लाभ मिलेगा बल्कि सामाजिक कार्यक्रमों और जरूरतमंद लोगों को भी एक बेहतर मंच उपलब्ध हो सकेगा।





