OTHERS

परासी में आयुष्मान कार्ड जागरूकता शिविर का आयोजन, दर्जनों ग्रामीणों को मिला स्वास्थ्य सुरक्षा योजना का लाभ

पी.एस. नेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट की पहल पर नए कार्ड बने, त्रुटियों का हुआ सुधार, ग्रामीणों को दी गई विस्तृत जानकारी

न्यूज़ विज़न।  बक्सर 
बक्सर जिले के ग्राम परासी, वार्ड संख्या-9 में पी.एस. नेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट के तत्वावधान में आयुष्मान भारत योजना (आयुष्मान कार्ड) को लेकर जागरूकता एवं कार्ड निर्माण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का मुख्य उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में लोगों को केंद्र सरकार की महत्वपूर्ण स्वास्थ्य सुरक्षा योजना की जानकारी देना तथा अधिक से अधिक पात्र लोगों को योजना से जोड़ना था।

 

शिविर के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने भाग लिया। उपस्थित लोगों को आयुष्मान भारत योजना के उद्देश्य, इसके लाभ, कार्ड बनाने की प्रक्रिया, कार्ड में त्रुटि सुधार, कार्ड डाउनलोड करने की सुविधा तथा अस्पतालों में इसके उपयोग की पूरी जानकारी विस्तारपूर्वक दी गई। कार्यक्रम में कई पात्र लाभार्थियों के नए आयुष्मान कार्ड बनाए गए। वहीं जिन लोगों के कार्ड में नाम, उम्र या अन्य प्रकार की त्रुटियां थीं, उनका सुधार भी मौके पर किया गया। इसके अलावा पहले से बने कार्ड को डाउनलोड कर लाभार्थियों को उपलब्ध कराया गया, जिससे ग्रामीणों में काफी उत्साह देखा गया। शिविर के दौरान यह भी सामने आया कि कई ग्रामीणों के पास आयुष्मान कार्ड तो मौजूद है, लेकिन उन्हें इस योजना के सही उपयोग, अस्पतालों में इलाज की प्रक्रिया तथा किन-किन बीमारियों में इसका लाभ लिया जा सकता है, इसकी पूरी जानकारी नहीं थी। इसको देखते हुए उपस्थित लोगों को विस्तार से जागरूक किया गया और योजना से जुड़ी आवश्यक जानकारियां सरल भाषा में समझाई गईं।

 

पी.एस. नेशनल फाउंडेशन ट्रस्ट की इस पहल से बड़ी संख्या में ग्रामीण लाभान्वित हुए। ग्रामीणों ने संस्था एवं इसके अध्यक्ष डॉ. शिवाजी इन्द्र के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि इस तरह के जनहितकारी शिविर ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो रहे हैं। साथ ही भविष्य में भी ऐसे जागरूकता एवं सेवा कार्यक्रम आयोजित करने की मांग की। स्थानीय लोगों ने कहा कि स्वास्थ्य से जुड़ी सरकारी योजनाओं की सही जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाने के लिए इस प्रकार के शिविर समय की आवश्यकता हैं, ताकि गरीब एवं जरूरतमंद परिवार बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ उठा सकें।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button