पीएम सूर्य-घर योजना के तहत 9332 उपभोक्ताओं को लाभान्वित करने का लक्ष्य
21 अप्रैल से 20 मई तक निर्धारित तिथि व स्थल पर लगेगा कैंप, मंगलवार को गोलंबर पर लगेगा शिविर


न्यूज विजन। बक्सर
पीएम सूर्य-घर योजना का अधिक से अधिक लाभ देने के लिए बिजली कंपनी मंगलवार से शहर के विभिन्न हिस्सों में शिविर लगाने जा रही है। वैसे उपभोक्ताओं के लिए यह शिविर अत्यंत लाभकारी साबित होगा, जिनके यहां सरकार की ओर से हर माह 125 यूनिट छूट के बावजूद भारी भरकम बिल आ रहा है। शिविर का आयोजन 21 अप्रैल से 20 मई तक आयोजित किया जाएगा। बिजली कंपनी के कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया शिविर लगाने के लिए अलग-अलग स्थल और तिथि का निर्धारण कर लिया गया है। उन्होंने बताया कि शहरी क्षेत्रों में कुल 9332 उपभोक्ताओं को इस योजना के तहत लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है। कैंप 21 अप्रैल से 20 मई तक चलेगा। मंगलवार को गोलंबर पर शिविर का शुभारंभ किया जाएगा।
पात्र उपभोक्ताओं के घरों पर रूफटॉप सोलर पैनल लगाकर 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली प्रदान करना है। इसमें सरकार की ओर से अनुदान का भी प्रावधान किया गया है। बिजली कंपनी के कार्यपालक अभियंता सूर्य प्रकाश सिंह ने बताया कि किलोवाट पर 30,000 रुपए अनुदान दिया जाएगा। साथ ही 2 किलोवाट के लिए 60,000 रुपए का और 3 किलोवाट या अधिक के लिए 78,000 रुपए तक अनुदान का प्रावधान किया गया है। कैंप में ऑन-स्पॉट रजिस्ट्रेशन, सोलर वेंडर का चयन और ऋण लोन संबंधी आवेदनों का निस्तारण किया जाएगा। लोन लगभग 7% की रियायती ब्याज दर पर 2 लाख रुपये तक का कोलेटरल-फ्री (बिना गारंटी) उपलब्ध कराया जाएगा।
पंजीकरण: PM Surya Ghar Portal पर रजिस्टर करें। राज्य, जिला, और बिजली कंपनी का चयन कर आवेदन करें। तकनीकी व्यवहार्यता डिस्कॉम द्वारा मंजूरी के बाद, पैनल स्थापित किए जा सकते हैं। वेंडर का चयन पोर्टल पर सूचीबद्ध वेंडर का ही चयन करें।
स्थापना के बाद नेट मीटर लगाया जाएगा और सब्सिडी सीधे बैंक खाते में आएगी। पीएम सूर्य-घर योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए इन कागजातों का होना आवश्यक है। आवेदन करने वाले उपभोक्ताओं के पास बिजली उपभोक्ता संख्या, आधार कार्ड, बैंक खाते का विवरण और घर की छत की तस्वीर का होना अनिवार्य है।





