OTHERS

अग्नि सुरक्षा सप्ताह के छठे दिन मॉक ड्रिल, प्रशिक्षण और जागरूकता अभियान से लोगों को किया गया सतर्क

न्यूज़ विज़न |  बक्सर
जिला समादेष्टा सह जिला अग्निशमन पदाधिकारी सुबास सिंह के निर्देशानुसार बक्सर जिले में 14 से 20 अप्रैल 2026 तक मनाए जा रहे अग्नि सुरक्षा सप्ताह के अंतर्गत लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रविवार को अनुमंडल अग्निशामालय पदाधिकारी सुनंदा कुमारी के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों पर व्यापक स्तर पर कार्यक्रम आयोजित किए गए।

 

अग्नि सुरक्षा सप्ताह के छठे दिन जिले के अलग-अलग क्षेत्रों में लोगों को आग से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई। इस दौरान पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र (Fire Extinguisher) के सही उपयोग का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया गया, ताकि आपात स्थिति में लोग खुद को और दूसरों को सुरक्षित रख सकें। इसी कड़ी में चौसा स्थित एसवीजेएन थर्मल पावर प्लांट परिसर में CISF टीम एवं अग्निशमन विभाग की संयुक्त टीम द्वारा बड़े स्तर पर मॉक ड्रिल का आयोजन किया गया। इस मॉक ड्रिल के माध्यम से आग लगने की स्थिति में त्वरित कार्रवाई, बचाव कार्य और समन्वय की प्रक्रिया का प्रदर्शन किया गया, जिससे वहां मौजूद कर्मचारियों और अधिकारियों को आपदा प्रबंधन की महत्वपूर्ण जानकारी मिली।

 

वहीं, बक्सर के बाजार समिति स्थित महाभारत कोचिंग संस्थान में छात्रों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। बच्चों को पोर्टेबल अग्निशमन यंत्र चलाने का प्रशिक्षण दिया गया और आग लगने की स्थिति में क्या करें और क्या न करें, इसकी विस्तार से जानकारी दी गई। इसके अलावा पूरे जिले में विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर बैनर और होर्डिंग लगाकर लोगों को अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक किया जा रहा है। साथ ही पंपलेट वितरित कर आम नागरिकों को सुरक्षा उपायों की जानकारी दी गई। कार्यक्रम के दौरान लोगों को आपातकालीन सेवाओं के लिए डायल 112 और 101 की जानकारी भी दी गई, ताकि जरूरत पड़ने पर तुरंत सहायता प्राप्त की जा सके। अग्निशमन विभाग द्वारा चलाया जा रहा यह अभियान लोगों में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने और दुर्घटनाओं को रोकने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहा है।

 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button