प्रणव चटर्जी महाविद्यालय में दो वरिष्ठ शिक्षकों का विदाई सह सम्मान समारोह आयोजित
मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. परमात्मा सिंह और कार्यालय प्रभारी उमाशंकर सहाय के अवकाश ग्रहण पर पूरा महाविद्यालय परिवार हुआ गमगीन, होली मिलन के साथ दी भावभीनी विदाई


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शनिवार को प्रणव चटर्जी महाविद्यालय परिसर में एक भावुक और गरिमामय विदाई समारोह का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम मनोविज्ञान विभागाध्यक्ष प्रोफेसर परमात्मा सिंह तथा कार्यालय प्रभारी उमाशंकर सहाय के अवकाश ग्रहण के उपलक्ष्य में आयोजित किया गया था। समारोह में महाविद्यालय परिवार के शिक्षक, कर्मचारी एवं छात्र-छात्राएं बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए प्रभारी प्राचार्य प्रोफेसर डॉ. महेश दत्त सिंह ने अपने उद्गार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रोफेसर परमात्मा सिंह का महाविद्यालय और विशेषकर बक्सर के छात्र-छात्राओं के बीच जो योगदान रहा है, वह अविस्मरणीय है। उन्होंने कहा कि उनके सेवानिवृत्त होने से महाविद्यालय को अपार क्षति हुई है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। उनके सरल स्वभाव, अनुशासनप्रियता और शिक्षण के प्रति समर्पण ने उन्हें छात्रों और सहकर्मियों के बीच अत्यंत लोकप्रिय बनाया। कार्यालय प्रभारी उमाशंकर सहाय की कार्यनिष्ठा और प्रशासनिक दक्षता की भी सराहना की गई। वक्ताओं ने कहा कि उनके नेतृत्व में कार्यालय व्यवस्था हमेशा सुव्यवस्थित और पारदर्शी रही। उन्होंने वर्षों तक अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन पूरी ईमानदारी और निष्ठा से किया।
समारोह के दौरान कई शिक्षकों और कर्मचारियों ने अपने अनुभव साझा किए। वक्ताओं ने दोनों शिक्षकों के साथ बिताए गए पलों को याद करते हुए भावुक क्षणों को साझा किया। पूरे कार्यक्रम के दौरान वातावरण भावनात्मक बना रहा और कई लोग अपने आंसू नहीं रोक सके। विदाई समारोह के उपरांत होली मिलन कार्यक्रम का भी आयोजन किया गया। सभी ने एक-दूसरे को अबीर-गुलाल लगाकर आगामी होली की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर भाईचारे और आपसी स्नेह का अनूठा दृश्य देखने को मिला।
कार्यक्रम में कृष्णानंद मिश्रा, सुशील कुमार सिंह, संतोष कुमार, चक्रपाणि मिश्र, कमलेश कुमार सिंह, शिवजी पांडे, उषा कुमारी, तेतरी देवी, नंदेश्वर सिंह, सरिता कुमारी, सदानंद सिंह कुशवाहा समेत महाविद्यालय परिवार के कई सदस्य मौजूद रहे।
समारोह का समापन धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ। इस अवसर पर सभी ने दोनों सेवानिवृत्त शिक्षकों के स्वस्थ, सुखद एवं उज्ज्वल भविष्य की कामना की।





