जेल परिसर में चोरी ! वामनेश्वर मंदिर से लाखों की संपत्ति गायब, सुरक्षा व्यवस्था पर बड़े सवाल


न्यूज विज़न। बक्सर
जिले के सबसे सुरक्षित माने जाने वाले परिसर — बक्सर सेंट्रल जेल — के परिसर स्थित प्राचीन वामनेश्वर मंदिर में शुक्रवार रात अज्ञात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया। चोर मंदिर से भगवान वामन का चांदी का मुकुट, कई पीतल के घंटे, इनवर्टर, बैट्री समेत लाखों रुपये मूल्य की संपत्ति चोरी कर फरार हो गए।
घटना की जानकारी शनिवार सुबह तब हुई जब मंदिर के पुजारी नियमित पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे। मंदिर का ताला टूटा देख उन्होंने तुरंत स्थानीय पुलिस और जेल प्रशासन को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी।
बताया जाता है कि मंदिर जेल परिसर के अंदर स्थित है, जहां 24 घंटे सुरक्षा व्यवस्था तैनात रहती है। ऐसे में जेल की चारदीवारी के भीतर इतनी बड़ी चोरी की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब कड़ी निगरानी वाले जेल परिसर में चोरी हो सकती है, तो आम नागरिकों की सुरक्षा का अंदाजा सहज लगाया जा सकता है। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है। साथ ही जेल कर्मियों और संदिग्ध व्यक्तियों से पूछताछ भी की जा रही है। प्रशासन का दावा है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर लिया जाएगा।
इधर, घटना के बाद इलाके में आक्रोश का माहौल है। श्रद्धालुओं और स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन से मांग की है कि दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए तथा मंदिर समेत पूरे जेल परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।





