शाहाबाद ज़ोन में आयोजित हेमन ट्रॉफी में बक्सर ने कैमूर को हराया
कप्तान निखिल बने मैन ऑफ द मैच


न्यूज़ विज़न। बक्सर
शाहाबाद ज़ोन में आयोजित सीनियर पुरुष वर्ग की हेमन ट्राफी के अंतर्गत मंगलवार को खेले गए मुकाबले में बक्सर जिला टीम ने कैमूर जैसी मजबूत टीम को 2 विकेट से पराजित कर ऐतिहासिक विजय दर्ज की। कैमूर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बक्सर के समक्ष 214 रनों का लक्ष्य रखा। बक्सर की ओर से कप्तान निखिल ने उत्कृष्ट गेंदबाजी करते हुए 5 महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बक्सर की टीम ने 45.5 ओवर में 8 विकेट खोकर लक्ष्य प्राप्त कर लिया। कप्तान निखिल ने जिम्मेदारी भरी पारी खेलते हुए 144 रन बनाए और टीम को यादगार जीत दिलाई। उनके शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया। यह जीत बक्सर जिला के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण मानी जा रही है। पहली बार सीनियर वर्ग में बक्सर की टीम ने कैमूर जैसी सशक्त टीम के विरुद्ध न केवल सशक्त प्रदर्शन किया, बल्कि लंबे समय बाद ज़ोनल स्तर पर जीत भी दर्ज की है।
इस उपलब्धि का श्रेय खिलाड़ियों की मेहनत के साथ-साथ Buxar District Cricket Association के बेहतर प्रबंधन, पारदर्शी चयन प्रक्रिया और व्यवस्थित तैयारी को भी जाता है। संघ द्वारा निष्पक्ष ट्रायल, अनुशासित प्रशिक्षण व्यवस्था एवं खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने की नीति ने टीम के मनोबल को मजबूत किया है। बक्सर जिला क्रिकेट संघ ने स्पष्ट किया है कि प्रतिभा को आगे बढ़ाने, पारदर्शिता बनाए रखने और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर प्रदान करने की दिशा में निरंतर प्रयास जारी रहेंगे। सभी खिलाड़ियों एवं सहयोगी स्टाफ को इस ऐतिहासिक जीत पर हार्दिक बधाई तथा आगामी मुकाबलों के लिए शुभकामनाएँ।





